कलेक्टरों के तबादलों की अटकलों के बीच इस महिला IAS का नाम चर्चा में, मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

Wednesday, Mar 11, 2026-02:10 PM (IST)

भोपाल: मध्य प्रदेश में बहुत जल्द बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होने वाला है। सूत्रों की मानें तो इस प्रशासनिक सर्जरी की पूरी तैयारी हो चुकी है। पहले चर्चा थी कि विधानसभा सत्र खत्म होते ही सूची जारी हो जाएगी, लेकिन मुख्य सचिव अनुराग जैन के पांच दिन के अवकाश पर चले जाने से यह प्रक्रिया फिलहाल टल गई है। अब माना जा रहा है कि उनके वापस लौटते ही संभावित नामों की समीक्षा कर अंतिम सूची जारी की जा सकती है। जिसमें करीब दर्जनभर जिलों के कलेक्टरों को इधर से उधर किया जा सकता है। इस संभावित फेरबदल में सबसे ज्यादा निगाहें राजधानी भोपाल के कलेक्टर पद पर टिकी हुई हैं। साथ ही भोपाल संभाग के आयुक्त को लेकर भी बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। इन सबके बीच एक महिला आईएएस का नाम जोरों पर हैं।

सूत्रों के मुताबिक सिर्फ जिलों के कलेक्टर ही नहीं, बल्कि निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में पदस्थ एमडी और सीईओ स्तर पर भी बदलाव हो सकता है। इसके अलावा मंत्रालय में प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव स्तर के कुछ विभागीय प्रभारों में भी फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में प्रशासनिक हलकों में इस संभावित सूची को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

भोपाल कलेक्टर के लिए तीन नाम चर्चा में

राजधानी भोपाल के कलेक्टर पद को लेकर पिछले दो हफ्तों से मंथन चल रहा है। दरअसल, भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह का सचिव स्तर पर प्रमोशन हो चुका है, इसलिए उनका तबादला लगभग तय माना जा रहा है। वर्ष 2010 बैच के इस अधिकारी को किसी संभाग का आयुक्त बनाए जाने की भी चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक उन्हें ग्वालियर या किसी अन्य संभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है, जबकि भोपाल कलेक्टर पद के लिए तीन नामों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। वहीं, भोपाल कलेक्टर के लिए सरकार के अंदरखाने में महिला आईएएस के नाम का सुझाव दिया गया है। इसमें पहले नंबर पर ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान का नाम बताया जा रहा है।

कौन है रुचिका चौहान

रुचिका चौहान मध्यप्रदेश कैडर की चर्चित महिला आईएएस अधिकारियों में शामिल हैं। वे अपने प्रशासनिक कामकाज, सख्त फैसलों और जमीनी स्तर पर काम करने की शैली के कारण लगातार सुर्खियों में रहती हैं। वर्तमान में वे ग्वालियर जिले की कलेक्टर के रूप में कार्यरत हैं और प्रशासनिक हलकों में उन्हें प्रभावी और सक्रिय अधिकारी माना जाता है।

रुचिका चौहान भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी हैं और मध्यप्रदेश कैडर से संबंधित हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई के दौरान ही सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी थी और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा पास कर प्रशासनिक सेवा में आईं। प्रशिक्षण के बाद उन्होंने मध्यप्रदेश के कई जिलों में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर काम किया, जहां उनकी कार्यशैली को सराहा गया।

कौन बनेगा भोपाल संभाग का आयुक्त

भोपाल संभाग के आयुक्त संजीव सिंह को इस पद पर दो साल से ज्यादा समय हो चुका है। ऐसे में चर्चा है कि उन्हें कोई नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसी कड़ी में धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा का नाम भी सामने आ रहा है। प्रियंक मिश्रा को धार जिले की कमान संभाले तीन साल से अधिक समय हो गया है और उनके प्रशासनिक प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। 

इसके अलावा कई जिलों के कलेक्टरों के भी तबादले की संभावना जताई जा रही है। जिन नामों की चर्चा है उनमें शहडोल के कलेक्टर कैटार सिंह, रीवा की कलेक्टर प्रतिभा पाल, सीधी के कलेक्टर स्वरोचिश सोमवंशी, बैतूल के कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, झाबुआ की कलेक्टर नेहा मीना, नर्मदापुरम की कलेक्टर सोनिया मीना, दमोह के कलेक्टर सुधीर कोचर, शाजापुर के कलेक्टर ऋजु बाफना, मैहर की कलेक्टर रानी बाटड और मंदसौर की कलेक्टर अदिति गर्ग शामिल बताए जा रहे हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News