Punjab Kesari MP ads

बड़ी कार्रवाईः शिक्षा विभाग के कई अफसरों पर केस दर्ज, जानिए क्या है पूरा मामला

Monday, Apr 20, 2026-02:02 PM (IST)

सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां रीवा लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी सहित कई अफसरों पर केस दर्ज किया गया है। साथ ही महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए है। आरोप है कि शिक्षा विभाग में करोड़ों रुपए की खरीदी का बड़ा घोटाला हुआ है। भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप पर यह कार्रवाई की गई है। मामले की प्रारंभिक जांच में करोड़ों का घोटाला सामने आया है।

दरअसल, रीवा लोकायुक्त को शिकायत मिली थी कि सिंगरौली जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने शिक्षा विभाग में खरीदी में करोड़ों का घोटाला किया है। लोकायुक्त पुलिस की जांच में शिक्षा विभाग की खरीदी में भारी अनियमितता पाई गई। मौके पर जब्त दस्तावेजों के मुताबिक 558 स्कूलों के लिए साफ-सफाई और कीटाणु मारने वाली सामग्री खरीदी गई, जिसका कुल खर्च 97 लाख 67 हजार रुपये बताया गया। इसके अलावा, 19 स्कूलों में वर्चुअल रियलिटी लैब बनाई गई, जिस पर करीब 4 करोड़ 68 लाख 16 हजार रुपये खर्च किए गए। साथ ही, 61 स्कूलों में बिजली से जुड़ी व्यवस्था, उपकरण और सामान्य मरम्मत के लिए लगभग 3 करोड़ 5 लाख रुपये खर्च किए गए। ऐसे में इन सभी खरीद प्रक्रियाओं में नियमों के पालन, निविदा प्रक्रिया और भुगतान को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

मामले की प्रारंभिक जांच में करोड़ों का घोटाला सामने आया है। जांच के बाद आरोप सही पाए गए। जिस पर रीवा लोकायुक्त ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी सूर्यभान सिंह, सहायक संचालक शिक्षा राजधर साकेत, जिला परियोजना समन्वयक रामलखन शुक्ल, सहायक परियोजना समन्वयक (वित्त) छविलाल सिंह सहित अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया है। सभी अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 और भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त दस्तावेजों की हर एंगल से जांच की जा रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News