तीसरा बच्चा पैदा करने पर मिलेंगे 2100 रुपए, शादी का खर्चा भी उठाएंगे, MP में इस समाज का बड़ा ऐलान
Saturday, May 23, 2026-09:08 PM (IST)
भोपाल : तीसरा बच्चा पैदा करने पर 21 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलेगी, साथ ही उस बच्चे की शादी का पूरा खर्चा उठाया जाएगा, वो बच्चा चाहे लड़का हो तो चाहे लड़की...ये बेहद हैरान कर देने वाली घोषणा हुई है मध्य प्रदेश के ग्वालियर में। यहां कायस्थ समाज ने खुले मंच से बड़ा ऐलान किया है। इसके तहत, यदि कोई कायस्थ दंपति तीसरी संतान पैदा करता है, तो समाज उसे ये सुविधाएं देगा।
दरअसल, अपने समाज की घटती आबादी को लेकर कायस्थ समाज ने चिंता जाहिर की है। जिसके संबंध में एक बैठक आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष नूतन श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदुओं की आबादी दिन पर दिन घट रही है, जिस पर सभी समाजों को चिंता करनी होगी। उन्होंने कहा कि पहले समाज में हम दो हमारे दो वाला नारा चल रहा था लेकिन अब स्थिति बदल गई है। अब ज्यादातर लोग एक बच्चा पैदा करना चाहते हैं। चाहे वो लड़का हो या लड़की। कुछ ऐसे भी दंपती है जो संतान पैदा करना ही नहीं चाहते। ऐसे में चाचा, बुआ, मौसी जैसे रिश्ते खत्म होते जा रहे हैं।
नूतन श्रीवास्तव ने मंच से कहा कि यदि कायस्थ समाज का कोई गरीब परिवार तीसरी संतान पैदा करता है, तो समाज प्रोत्साहन राशि के रुप में 21 हजार रुपए देगा। इतना ही नहीं बच्चे के पालन-पोषण, पढ़ाई, शादी और नौकरी मिलने तक की पूरी जिम्मेदारी भी उठाएगा।
इसके अलावा सीएम मोहन को कायस्थ समाज ने पत्र लिखा है जिसमें प्रदेश में तीन संतान होने पर सरकारी नौकरी की पात्रता समाप्त करने वाले नियम को खत्म करने की मांग की है। इस बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सक्सेना, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.उदय श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, महेश सक्सेना, डॉ.राजीव श्रीवास्तव, अरविंद खरे, अशोक सक्सेना, पंकज श्रीवास्तव मौजूद रहे।

