कांग्रेस की बड़ी चूक: कांग्रेस कार्यालय में संविधान उल्टा वाला पोस्टर लगा, नेता प्रतिपक्ष के चेहरे पर केक के निशान; प्रदेश में चर्चा तेज!
Friday, Jun 26, 2026-04:18 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस की बड़ी लापरवाही सामने आई। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए राहुल गांधी के एक पोस्टर में वे संविधान की प्रति उल्टी पकड़े हुए दिखाई दिए। वहीं, दूसरे पोस्टर में उनके चेहरे पर केक लगा हुआ नजर आया। पड़ताल में सामने आया कि हाल ही में राहुल गांधी के जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं ने पोस्टर पर केक लगाया था, जिसके निशान अब भी साफ दिखाई दे रहे थे।
यह पूरा मामला राजीव भवन के मीटिंग एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल का है, जहां कांग्रेस द्वारा "देश की शिक्षा व्यवस्था ICU में" और "छात्रों की गूंज" विषय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में मंच के पीछे लगे पोस्टरों पर मौजूद इन त्रुटियों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
राहुल गांधी के एक पोस्टर में संविधान की प्रति उल्टी दिखाई देने पर सवाल उठे। वहीं दूसरे पोस्टर पर उनके मुंह के पास केक लगा हुआ था, जिसे देखकर चर्चा शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी के हालिया जन्मदिन के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पोस्टर को प्रतीकात्मक रूप से केक खिलाया था, लेकिन बाद में उसे साफ नहीं कराया गया।
मामले में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गगन यादव ने इसे प्रिंटिंग की गलती बताया। उन्होंने कहा कि पोस्टर में संविधान उल्टा दिखना प्रिंटिंग मिस्टेक है। पोस्टर लगाते समय इस पर किसी का ध्यान नहीं गया और न ही संगठन की ऐसी कोई मंशा थी कि त्रुटिपूर्ण पोस्टर लगाया जाए। उन्होंने कहा कि इस गलती को सुधारा जाएगा।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव की अध्यक्षता में विधायक, पूर्व विधायक, युवा कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई तथा कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को उठाना था, लेकिन मंच पर लगे पोस्टरों की लापरवाही पूरे आयोजन में चर्चा का विषय बन गई।

