पदभार ग्रहण से पहले नेता प्रतिपक्ष के भाई की गिरफ्तारी, कांग्रेस ने उठाए सवाल
Monday, Jun 29, 2026-12:30 PM (IST)
इंदौर। (सचिन बहरानी): नगर निगम में नव नियुक्त नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट के पदभार ग्रहण से ठीक पहले इंदौर की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस ने सोमवार देर रात उनके भाई बादशाह मिमरोट को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद शहर के सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले कलेक्टर कार्यालय के बाहर महिला कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने बादशाह मिमरोट को भी आरोपी बनाया था। इसी मामले में देर रात पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को सोनिला मिमरोट नगर निगम नेता प्रतिपक्ष का विधिवत पदभार ग्रहण करने वाली हैं। ऐसे में कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले हुई इस कार्रवाई ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है। कांग्रेस इसे लेकर सवाल उठा रही है, जबकि पुलिस का कहना है कि कार्रवाई दर्ज प्रकरण के आधार पर की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, बादशाह मिमरोट को धारा 41 के नोटिस के तहत जमानत मिलने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन देर रात तक उन्हें जमानत नहीं मिल सकी। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और इसके राजनीतिक असर पर सभी की नजर बनी हुई है।

