MP गेहूं किसानों के लिए बड़ी खबर, 7 अप्रैल से पंजीकृत किसानों की स्लॉट बुकिंग, 10 अप्रैल से खरीदी, छोटे किसानों को पहले मौका
Sunday, Apr 05, 2026-10:48 PM (IST)
(डेस्क): Cm मोहन यादव ने गेहूं उपार्जन की तैयारियों को लेकर समीक्षा की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन व्यवस्था को सरल, सहज और सुविधाजनक बनाया जाये ताकि किसानों को उपार्जन केन्द्र तक आने और गेहूं बेचने में किसी भी तरह की कठिनाई न हो। मोहन यादव ने अपना वचन दोहराते हुए कहा है कि प्रदेश के किसानों का हर तरह से कल्याण हमारी प्रतिबद्धता है। सरकार हर घड़ी किसानों के साथ है।
मंगलवार, 7 अप्रैल से पंजीकृत किसानों की स्लॉट बुकिंग प्रारंभ होगी- मोहन
उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन कराने वाले सभी किसानों का गेहूं खरीदा जायेगा। मंगलवार, 7 अप्रैल से पंजीकृत किसानों की स्लॉट बुकिंग प्रारंभ होगी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 अप्रैल से खरीदी प्रारंभ होगी। छोटे किसानों को खरीदी में प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
उपार्जन की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया जा रहा-मोहन यादव
मोहन यादव ने कहा है कि उपार्जन की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। गेहूं खरीदी आरंभ करने के लिए आवश्यक बारदाने का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। केन्द्र सरकार, जूट कमिश्नर सहित अन्य बारदाना प्रदायकर्ता एजेंसियों से बारदाना आपूर्ति के लिए राज्य सरकार लगातार सम्पर्क बनाए हुए है। अतिरिक्त बारदाना खरीदने की प्रक्रिया जारी है। उपार्जन की व्यवस्था सुचारू हो, इस संबंध में मंत्रिमंडल उप समिति के सदस्यों और किसान प्रतिनिधियों के साथ भी विचार विमर्श किया।
पंजीकृत किसान सात अप्रैल से स्लॉट बुक कर सकेंगे, यानी वे यह बताएंगे कि उपज लेकर कब बेचने के लिए आएंगे। प्रत्येक पंजीकृत किसान से उपज खरीदी जाएगी। पहले छोटे, फिर मध्यम और अंत में बड़े किसानों से उपज खरीदी जाएगी।

