Punjab Kesari MP ads

इंदौर भाजयुमो अध्यक्ष पद पर घमासान, दावेदारों की लंबी सूची, इस नाम पर लग सकती है मुहर

Thursday, Jul 30, 2026-09:21 PM (IST)

इंदौर : दतिया विधानसभा उपचुनाव के बाद मध्य प्रदेश भाजपा में एक बार फिर से नियुक्तियों का दौर शुरु होने की संभावना है। ऐसे में भाजयुमो के इंदौर नगर अध्यक्ष पद को लेकर संगठन के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। कई दावेदार मैदान में हैं, लेकिन फिलहाल मयूरेश पिंगले का नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर द्वारा हाल ही में 15 जिलों में अध्यक्ष और कुछ स्थानों पर महामंत्रियों की नियुक्ति के बाद अब इंदौर नगर अध्यक्ष की घोषणा पर सबकी नजरें टिकी हैं। सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान नगर महामंत्री मयूरेश पिंगले अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। संगठन में उनके अनुभव, निर्विवाद छवि और वरिष्ठ नेताओं के समर्थन को उनकी सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे और विधायक मालिनी गौड़ ने भी पिंगले के नाम का समर्थन किया है। वहीं उनके पारिवारिक और संगठनात्मक संबंध भी उनके पक्ष में माहौल बना रहे हैं।

दूसरी ओर अक्षांशु तिवारी भी मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। चर्चा है कि संगठन संतुलन बनाने के लिए मयूरेश पिंगले को नगर अध्यक्ष और अक्षांशु तिवारी को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंप सकता है।

इस बीच अमित पालीवाल और अमित सिंह कुशवाह के नाम भी चर्चा में हैं। दोनों को अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं का समर्थन मिलने की बात सामने आ रही है। सूत्रों की मानें तो हाईकमान से हरी झंडी मिलते ही कभी भी सूची जारी की जा सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News