कांग्रेस में बड़ी टूट! एक साथ दो नेताओं ने पद से दिया इस्तीफा, राजनीतिक गलियारों में हड़कंप
Tuesday, Jun 30, 2026-05:47 PM (IST)
ग्वालियरः मध्यप्रदेश में से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां प्रदेश कांग्रेस में बड़ा झटका लगा है। जी हां आज एक साथ दो नेताओं ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। बताया जा रहा है कि इन्हें ग्वालियर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी में बड़ी जिम्मेदारी मिली थी। सूची सार्वजनिक होने के कुछ ही घंटों के बाद ही कांग्रेस के दो नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

जारी सूची के मुताबिक, नेता लतीफ खान को जिला कांग्रेस कमेटी में सचिव का पद दिया गया था। उन्हें कार्यकारिणी सूची में 47वें स्थान पर रखा गया। जिससे नाराज होकर लतीफ ने सोशल मीडिया पर अपना इस्तीफा सार्वजनिक कर दिया। लतीफ ने पोस्ट में लिखा- "शहर जिला कांग्रेस कमेटी में स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मैं नवनियुक्त सचिव पद से अपना इस्तीफा देता हूं। इसके साथ ही PCC चीफ जीतू पटवारी को बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वे अपना इस्तीफा औपचारिक रूप से PCC को भेज रहे हैं।"

इसके बाद कार्यकारिणी में महासचिव बनाए गए प्रतीक जैन ने भी अपने पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस नेतृत्व को चौंका दिया। सूची में प्रतीक जैन को 26वें नंबर पर महासचिव घोषित किया गया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी निष्ठा का हवाला देते हुए लिखा- "प्रदेश कांग्रेस द्वारा आज ग्वालियर जिला कार्यकारिणी घोषित की गई है, जिसमें मुझे महासचिव के पद पर नियुक्त किया गया। इसके लिए मैं वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं। मैं कांग्रेस पार्टी का एक निष्ठावान कार्यकर्ता हूं और पार्टी की सेवा के लिए मुझे किसी पद की लालसा नहीं है। अतः मैं अपने इस पद से इस्तीफा देता हूं।" वहीं, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आगामी दिनों में कुछ और नेता भी सूची को लेकर नाराजगी जाहिर कर सकते हैं। फिलहाल, दो इस्तीफे के बाद जिला संगठन बैकफुट पर नजर आ रहा है।

