राज्य के कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ा झटका! अचानक जारी हुआ नया आदेश
Saturday, Jun 27, 2026-01:01 PM (IST)
CG desk: छत्तीसगढ़ राज्य में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ा झटका लगा है। यहां मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले में कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। जिला कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने इसके लिए आदेश जारी किया है। बता दें कि आगामी छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है। ताकि किसी भी तरह कामकाज प्रभावित ना हो।
जारी आदेश के अनुसार, राज्य में आगामी 13 जुलाई से 17 जुलाई तक विधानसभा मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि विधानसभा सत्र के दौरान यदि किसी अधिकारी अथवा कर्मचारी को अत्यंत आवश्यक अथवा अपरिहार्य कारणों से अवकाश पर जाना हो या मुख्यालय छोड़ना हो, तो इसके लिए सक्षम कार्यालय प्रमुख की पूर्व स्वीकृति अनिवार्य होगी।
इसके अतिरिक्त संबंधित विभागाध्यक्ष अथवा कार्यालय प्रमुख से लिखित अनुमति प्राप्त करने के बाद ही मुख्यालय छोड़ने अथवा अवकाश पर जाने की अनुमति दी जाएगी। बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र जुलाई में आयोजित होगा। ऐसे में विधानसभा में जिले से संबंधित प्रश्नों के समयबद्ध एवं तथ्यात्मक उत्तर उपलब्ध कराने तथा प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए इसे ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है।

