पहली पत्नी की मौत, 3 छोड़कर भागीं, 5वीं को मारकर फांसी पर लटकाया, वजह आपके रोंगटे खड़े कर देगी
Sunday, Feb 15, 2026-08:00 PM (IST)
बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में चरित्र शंका के चलते पति द्वारा पत्नी की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के झपरा गांव में आरोपी गुना राम (58) ने अपनी पांचवीं पत्नी बंधनी बाईं (50) की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए जंगल में पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका दिया गया। पुलिस ने आरोपी पति और उसके सहयोगी लखन कुम्हरिया (50) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
20 साल से साथ रह रहे थे…
जानकारी के मुताबिक, बंधनी बाईं आरोपी की पांचवीं पत्नी थी। इससे पहले एक पत्नी की मौत हो चुकी थी, जबकि अन्य पत्नियां उसे छोड़कर चली गई थीं। बंधनी पिछले करीब 20 वर्षों से उसके साथ रह रही थी। दंपती मजदूरी करते थे और पूजा-पाठ में भी सक्रिय बताए जाते हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से आरोपी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिससे आए दिन विवाद होता था।
मारपीट कर की हत्या
12 फरवरी की रात विवाद के बाद आरोपी ने गुस्से में पत्नी को जमीन पर पटक दिया और बांस के डंडे से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण बंधनी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर शव को करीब 4-5 किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर पेड़ पर फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे।
जंगल में मिला था शव
13 फरवरी को झपरा लातापानी के घने जंगल में महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। शरीर पर गंभीर चोट और खरोंच के निशान देख पुलिस को हत्या की आशंका हुई। पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक बताया गया।
पुलिस जांच में खुलासा
पुलिस ने पति गुना राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले उसने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि पत्नी के बाजार जाने और रात में घर नहीं लौटने को लेकर वह शक करता था।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 238 और 3(v) के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। सब इंस्पेक्टर केपी सिंह के अनुसार, हत्या के बाद शव को दूर जंगल में ले जाकर फांसी पर लटकाया गया था। मामले में आगे की जांच जारी है।

