Punjab Kesari MP ads

खंडवा अग्निकांड पर विधायक छाया मोरे का बड़ा एक्शन, पीड़ितों को तत्काल राहत के निर्देश; फायर ब्रिगेड की मांग भी उठी

Thursday, May 14, 2026-03:37 PM (IST)

खंडवा (मुश्ताक मंसूरी): मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की पंधाना विधानसभा क्षेत्र के नाहरमाल गांव के बंधान फलिया में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पंधाना विधायक छाया मोरे गुरुवार को पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचीं और उनका दर्द साझा किया। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही खाद्यान्न, कपड़े एवं मकान निर्माण के लिए लकड़ी सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

विधायक छाया मोरे ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने तहसीलदार को मौके पर बुलाकर तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को प्रभावित परिवारों के लिए राशन उपलब्ध कराने को कहा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी राहत कार्य में सक्रिय नजर आए। कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं के लिए साड़ियां, कपड़े एवं खाद्यान्न उपलब्ध कराने के प्रयास शुरू किए गए।

विधायक छाया मोरे ने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और भयावह है। पीड़ित परिवारों के पास शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा। घरों में रखा अनाज, गृहस्थी का सामान, कृषि उपकरण और बैलगाड़ियां तक आग की भेंट चढ़ गईं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे मानवीय संवेदना दिखाते हुए अपनी सामर्थ्य अनुसार पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आएं। विधायक ने अपनी ओर से भी हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया तथा शासन की योजनाओं के माध्यम से राहत दिलाने की बात कही।

PunjabKesariइस दौरान क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने विधायक छाया मोरे से मांग करते हुए कहा कि पिपलोद थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगोट एवं गुड़ी का पुरा सहित बड़ा ग्रामीण क्षेत्र आता है, लेकिन पूरे क्षेत्र में कहीं भी अग्निशमन वाहन (दमकल) की व्यवस्था नहीं है। आगजनी की घटनाओं के दौरान खंडवा या पंधाना से दमकल बुलानी पड़ती है, जिसके कारण समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जा सकता। ग्रामीणों ने मांग की कि मंडी बोर्ड की मंडी निधि से क्षेत्र के लिए स्थायी फायर ब्रिगेड वाहन उपलब्ध कराया जाए, जिसका संचालन कृषि उपज मंडी गुड़ीखेड़ा या थाना पिपलोद से किया जा सके।

इस मांग को गंभीरता से लेते हुए विधायक छाया मोरे ने तत्काल मंडी सचिव रामवीर किरार को फोन लगाकर प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि वे प्रयास करेंगी कि मंडी निधि अथवा अन्य किसी मद से क्षेत्र के लिए फायर ब्रिगेड वाहन की व्यवस्था हो सके।

गौरतलब है कि बुधवार दोपहर नाहरमाल गांव के बंधान फलिया में अचानक आग लगने से प्रेमसिंह लालसिंह, ओमकार गेलसिंह, प्यारसिंह ओंकार, लालसिंह केदु एवं रामदास लालसिंह के मकान आग की चपेट में आ गए थे। इस हादसे में चार परिवारों के घरों सहित गृहस्थी का लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News