Punjab Kesari MP ads

जमीन विवाद पर सियासी बवाल, BJP विधायक संजय पाठक का नाम आने के बाद प्रशासन ने शुरू की जांच

Friday, Jun 26, 2026-01:50 PM (IST)

कटनी। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय पाठक एक बार फिर जमीन विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। कटनी जिले के ग्राम चाका के एक परिवार ने जिला प्रशासन से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि विधायक का नाम लेकर उनकी वर्षों पुरानी जमीन खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि वे पिछले करीब पांच दशकों से संबंधित भूमि पर खेती करते आ रहे हैं। परिवार के अनुसार, हाल ही में कुछ लोग एक निजी कंपनी का प्रतिनिधि बताकर पहुंचे और दावा किया कि उक्त जमीन पर सड़क निकाली जानी है। आरोप है कि इन लोगों ने विधायक संजय पाठक का नाम लेते हुए जमीन तत्काल खाली करने का दबाव बनाया।

शिकायतकर्ताओं उमाशंकर चौधरी, लक्ष्मी, अरुण एवं अन्य सदस्यों का कहना है कि उनके पिता वर्ष 1978 से ग्राम चाका स्थित लगभग 2.55 हेक्टेयर शासकीय चरागाह भूमि पर खेती करते रहे हैं और परिवार आज भी उसी जमीन पर निर्भर है।

परिवार ने आरोप लगाया कि संबंधित कंपनी द्वारा जेसीबी मशीनों से जमीन का समतलीकरण किया जा रहा है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ितों ने अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं।

मामले पर कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

गौरतलब है कि कटनी-जबलपुर क्षेत्र में सहारा समूह से जुड़ी जमीनों की खरीद-फरोख्त को लेकर पहले भी कई विवाद सामने आ चुके हैं। इन मामलों की शिकायतें आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) तक पहुंच चुकी हैं। वहीं, विधायक संजय पाठक से जुड़े एक अन्य मामले में भी हाईकोर्ट में याचिका लंबित बताई जा रही है। फिलहाल इस पूरे प्रकरण में जांच जारी है। शिकायतकर्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News