2 बच्चों की मां को हुआ इश्क, प्रेमी के साथ हो गई रफूचक्कर
Monday, Jul 21, 2025-02:12 PM (IST)

छतरपुर। (राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बड़ामलहरा थाना बमनोरा के रामटौरिया पुलिस चौकी क्षेत्र से 43 वर्षीय महिला अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। महिला दो बच्चों की मां है और उसका पति मुन्ना नामदेव अपने बच्चों एवं बुजुर्ग माता-पिता के भरण पोषण के लिए गुजरात के शहर मोरबी में मजदूरी करता है। उसकी पत्नी माया नामदेव घर पर अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। पत्नी के फरार होने की सूचना पर उसका पति घर वापस लौटा और चौकी में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
महिला के पति ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी घर में रखे पैसे और सोने चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गई। महिला के पति ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2001 में हुई थी। शादी के बाद उसको दो संतान एक लड़का और एक लड़की हुई। वह दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी कर परिवार चलाता था। एक-डेढ़ माह पहले उसकी पत्नी बच्चों को छोड़ कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गयी। उसने आरोप लगाया कि गांव के कुछ युवकों ने मेरी पत्नी को भगाया गया है, जिसमें दो-तीन लोगों की साजिश है।
पति ने बताया कि उसकी पत्नी का प्रेम प्रसंग किसी दूसरे युवक के साथ चल रहा था। फोन पर उसकी पत्नी घंटो किसी से बात करती रहती थी। पुत्र द्वारा इस बात की जानकारी जब उसे मिली तब उसने पत्नी से इस सम्बन्ध में पूछा। जिसके बाद उसकी पत्नी फरार हो गई। महिला के पति ने चौकी में आवेदन देकर पुलिस प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस चौकी रामटौरिया में आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।