Punjab Kesari MP ads

MP की आंगनवाड़ियों में बच्चों ने बनाई दूरी? अधिकारी बोले- 10 से 15 बच्चे ही आते हैं, वीडियो वायरल

Wednesday, Nov 18, 2026-03:52 PM (IST)

भोपाल। (इज़हार हसन ख़ान) क्या मध्यप्रदेश के आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति लगातार कम हो रही है? क्या अब सरकारी आंगनवाड़ियों के बजाय अभिभावक अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में भेजना पसंद कर रहे हैं? और अगर आंगनवाड़ी केंद्रों में वास्तव में सिर्फ 10 से 15 बच्चे ही पहुंच रहे हैं, तो सरकारी रिकॉर्ड में 70 से 80 प्रतिशत उपस्थिति कैसे दर्ज हो रही है?ये सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से सटे बैरसिया में महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी पंकज लाहोटी ने धरना-प्रदर्शन के दौरान कुछ ऐसी बातें कहीं, जिन्होंने प्रदेश की आंगनवाड़ी व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल, बैरसिया बस स्टैंड चौराहे पर स्व-सहायता समूहों से जुड़ी रसोइया महिलाओं ने प्रदेश अध्यक्ष सरिता ओमप्रकाश बघेल के नेतृत्व में चक्काजाम और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी पंकज लाहोटी पर कई गंभीर आरोप लगाए। इस संबंध में भोपाल कलेक्टर से भी शिकायत की गई है।

PunjabKesari

प्रदर्शन के दौरान बैरसिया एसडीएम शिवांगी बघेल, तहसीलदार आदित्य जंघेला और संबंधित परियोजना अधिकारी पंकज लाहोटी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारी प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने और उनका आंदोलन समाप्त कराने की कोशिश करते नजर आए।

इसी दौरान परियोजना अधिकारी पंकज लाहोटी ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की संख्या को लेकर एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मुताबिक केंद्रों में केवल 10 से 15 बच्चे ही आते हैं, जबकि बाकी बच्चों ने प्राइवेट स्कूलों में दाखिला ले लिया है। उनका तर्क था कि अब गांवों में भी प्राइवेट स्कूल खुल गए हैं, जिसके कारण आंगनवाड़ियों में बच्चों की संख्या कम हो रही है।

अपनी बात को सही साबित करने के लिए परियोजना अधिकारी ने मौके पर मौजूद एसडीएम शिवांगी बघेल से भी कहा कि मैडम, आपने भी कई आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया है। वहां भी 10 से 15 बच्चे ही आते हैं। इस पर एसडीएम ने भी उनकी बात का समर्थन किया।इस पूरी  बहस और बातचीत के दौरान पंकज लाहोटी ने अपने आप को बचाने के चक्कर में आँगनबाड़ी सिस्टम और महिला एवं बाल विकास विभाग को ही सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया!

अब इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर आंगनवाड़ी केंद्रों में वास्तव में सिर्फ 10 से 15 बच्चे ही पहुंच रहे हैं, तो फिर सरकारी रिकॉर्ड में 70 से 80 प्रतिशत उपस्थिति कैसे दिखाई जा रही है? क्या सरकारी रिकॉर्ड और जमीनी हकीकत में अंतर है? क्या आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की वास्तविक उपस्थिति की निष्पक्ष जांच हो रही है?

एसडीएम ने कार्यवाई के लिए लिखा था लेकिन इसके उलट इनाम स्वरूप एक और परियोजना का चार्ज मिल गया 

पंकज लाहोटी पिछले आठ साल से बैरसिया में एक ही जगह जमे हुए हैं।एक साल पहले तत्कालीन एसडीएम आशुतोष शर्मा ने SIR में लापरवाही बरतने पर पंकज लाहोटी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का ज़िले में प्रस्ताव भेजा था।लेकिन  कुछ समय बाद ही विभाग ने पंकज कुमार लाहोटी को एक अन्य रिक्त परियोजना का भी अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया।ऐसे में सवाल उठता है कि जिस अधिकारी के खिलाफ निर्वाचन कार्य में लापरवाही को लेकर कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी, उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी किस आधार पर दी गई?

आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्देश्य सिर्फ बच्चों को पोषण और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य और विकास की निगरानी करना भी है। ऐसे में अगर राजधानी भोपाल के नजदीक बैरसिया में ही आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की कम उपस्थिति की बात अधिकारी स्वीकार कर रहे हैं, तो प्रदेश के दूरदराज के ग्रामीण इलाकों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठना लाजिमी है।

फिलहाल वायरल वीडियो ने महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली को चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि भोपाल जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या प्रदेश के आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की वास्तविक उपस्थिति की जांच कराई जाएगी?


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News