Punjab Kesari MP ads

MP BJP में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल! 19 जिलों में नए युवा जिलाध्यक्ष नियुक्त, CM मोहन ने दी बधाई

Friday, Oct 30, 2026-04:30 PM (IST)

भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने युवा मोर्चा के संगठन को नई ऊर्जा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के 19 जिलों में युवा मोर्चा के नए जिलाध्यक्षों और जिला महामंत्रियों की नियुक्ति की गई है। इन नियुक्तियों के बाद जिला स्तर पर संगठन की कमान नए चेहरों के हाथों में होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से नई नियुक्तियों की घोषणा की। पार्टी संगठन की इस कवायद को युवाओं को अधिक सक्रिय भूमिका देने और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने से जोड़कर देखा जा रहा है।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी शुभकामनाएं

नियुक्तियों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा, "भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों एवं जिला महामंत्रियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। मुख्यमंत्री के इस संदेश को युवा मोर्चा के नए पदाधिकारियों का उत्साह बढ़ाने और संगठन में उनकी भूमिका को प्रोत्साहित करने के तौर पर देखा जा रहा है।

जबलपुर, भिंड समेत इन जिलों में नए जिलाध्यक्ष नियुक्त

जारी सूची के मुताबिक जबलपुर नगर में रविंद्र तिवारी को जिलाध्यक्ष और श्रीकांत वर्मा को जिला महामंत्री बनाया गया है। भिंड में अभिषेक मिश्रा को जिलाध्यक्ष तथा शिवांकर भदौरिया को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्योपुर में ईश्वर जाट जिलाध्यक्ष और अभिषेक जांगिड़ जिला महामंत्री नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा सागर में जसवंत राठौर, निवाड़ी में संदेश नायक, मैहर में दिलीप पटेल, उमरिया में आयुष्मान तिवारी, डिंडोरी में सत्यम मानिकपुरी और मंडला में उत्कर्ष यादव को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

PunjabKesari

इन जिलों में भी नए चेहरों को मौका

अन्य नियुक्तियों में बालाघाट से अमन गांधी, इंदौर ग्रामीण से अजय पंवार, धार नगर से तरुण सिसोदिया, नीमच से रवि पाटीदार, सिवनी से योगेश शिवहरे और छिंदवाड़ा से कुबेर सूर्यवंशी को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं नर्मदापुरम में कुलदीप रघुवंशी, रायसेन में प्रतीक द्विवेदी, अनूपपुर में अटल ब्योहार और मंदसौर में मनोहर चौहान को युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन बदलावों के बाद अब सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के सामने अपने-अपने जिलों में युवा कार्यकर्ताओं को एकजुट करने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी की योजनाओं को युवाओं तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी। मुख्यमंत्री की शुभकामनाओं के बीच इन नई नियुक्तियों को प्रदेश भाजपा के युवा संगठन के लिए अहम बदलाव माना जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News