MP BJP में बड़ा बदलाव! अब इन नेताओं की जाएगी कुर्सी, पद से हटाने की तैयारी शुरू
Thursday, Nov 19, 2026-03:40 PM (IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा संगठन अब जिला और मंडल स्तर पर अपनी कार्यप्रणाली को लेकर सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। पार्टी में पद हासिल करने के बाद निष्क्रिय रहने वाले पदाधिकारियों पर अब कार्रवाई की तलवार लटकने लगी है। संगठन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि केवल किसी विधायक या बड़े नेता की पसंद होने से पद पर बने रहने की गारंटी नहीं मिलेगी। जिम्मेदारी संभालने वालों को अब जमीन पर काम करके अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी। दरअसल, भोपाल में भाजपा के वरिष्ठ संगठन नेताओं की मौजूदगी में हुई महत्वपूर्ण बैठक में जिला और मंडल स्तर पर संगठन की सक्रियता को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी विह्रश्वलव देव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
पहले समझाइश, फिर पद से हटाने की कार्रवाई
बैठक में यह बात सामने आई कि कई स्थानों पर पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष जिम्मेदारी मिलने के बाद अपेक्षित काम नहीं कर रहे हैं। कुछ नियुक्तियों में स्थानीय विधायकों और प्रभावशाली नेताओं की पसंद को प्राथमिकता मिलने के बावजूद संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रियता नजर नहीं आ रही है।
इस पर शिव प्रकाश ने संभागीय और जिला प्रभारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निष्क्रिय पदाधिकारियों को पहले समझाया जाए और उनकी कार्यशैली में सुधार का अवसर दिया जाए। इसके बाद भी स्थिति नहीं बदलती है तो उनकी जिम्मेदारी वापस लेकर सक्रिय कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाए। हालांकि, किसी भी बदलाव से पहले प्रदेश संगठन को पूरी रिपोर्ट भेजना जरूरी होगा।
विधायकों के प्रभाव से नियुक्तियों पर भी नजर
भाजपा संगठन में एक और महत्वपूर्ण मुद्दा सामने आया है। जिला और मंडल स्तर पर कई नियुक्तियों में विधायकों की पसंद और सिफारिश का प्रभाव देखने को मिलता रहा है। ऐसे में कुछ पदाधिकारी अपने राजनीतिक संरक्षण के भरोसे संगठनात्मक जिम्मेदारियों को गंभीरता से नहीं लेते। अब पार्टी नेतृत्व इस व्यवस्था में बदलाव चाहता है।
संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने भी स्पष्ट कर दिया कि पद केवल नाम के लिए नहीं हैं। जिन्हें जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें उसका निर्वहन भी करना होगा। कामकाज में लापरवाही बरतने वालों को पद पर बनाए रखने के बजाय नए और सक्रिय चेहरों को आगे लाने की तैयारी है।
बैठकों का तरीका भी बदलेगा, बूथ तक पहुंचेगा संगठन
संगठन की समीक्षा व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। अब बैठकों का क्रम प्रदेश स्तर से शुरू होकर जिला और फिर मंडल तक पहुंचेगा। पहले मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक समीक्षा की जाती थी। इस बदलाव का उद्देश्य संगठन की गतिविधियों को ऊपर से नीचे तक बेहतर तरीके से संचालित करना है। इसके अलावा जिला अध्यक्षों और प्रभारियों को लंबित नियुक्तियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। संगठन का मानना है कि खाली पदों और अधूरी कार्यकारिणियों के कारण जमीनी स्तर पर काम प्रभावित नहीं होना चाहिए।

