MP पुलिस में बड़ा फेरबदल! कई थाना प्रभारियों के तबादले, बदली कई थानों की कमान
Thursday, Jul 02, 2026-08:29 PM (IST)
धार। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस विभाग ने गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने 12 निरीक्षक एवं कार्यवाहक निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल के तहत जिले के कई महत्वपूर्ण थानों में नए थाना प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। आदेश जारी होते ही इन्हें तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इस तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव धार शहर कोतवाली में देखने को मिला है। मनावर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान को अब शहर की कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अब तक कोतवाली का नेतृत्व कर रहे दीपक सिंह चौहान को कुक्षी भेजा गया है। कुक्षी में पदस्थ राजेश यादव को मनावर थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा धामनोद थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे को सादलपुर की कमान सौंपी गई है, जबकि सादलपुर की प्रभारी सविता चौधरी को रक्षित केंद्र स्थानांतरित किया गया है। धरमपुरी में पदस्थ संतोष सिंह यादव अब धामनोद थाना संभालेंगे। वहीं, रक्षित केंद्र से सरदारसिंह सोलंकी को धरमपुरी थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
तबादला सूची में अन्य बदलावों के तहत रक्षित केंद्र में पदस्थ राजललन मिश्रा को नौगांव थाना की जिम्मेदारी दी गई है। नौगांव के थाना प्रभारी हीरू सिंह रावत का तबादला बाग किया गया है, जबकि बाग थाना प्रभारी कैलाश चौहान को रक्षित केंद्र भेजा गया है। इसी क्रम में रक्षित केंद्र से रेवलसिंह बर्डे को राजोद थाना का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि राजोद के थाना प्रभारी रामसिंह राठौर को रक्षित केंद्र में पदस्थ किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश में सभी अधिकारियों को बिना विलंब अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि यह प्रशासनिक फेरबदल जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की रणनीति का हिस्सा है।

