Punjab Kesari MP ads

नए कांग्रेस प्रभारी का 27 सितंबर को राज्य में पहला दौरा! वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक

Monday, Sep 14, 2026-01:52 PM (IST)

रायपुरः छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी सुखदेव भगत 27 सितंबर को अपने पहले प्रदेश दौरे पर रायपुर आएंगे। इस दौरान वह प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस के हालिया संगठनात्मक फेरबदल में सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी ने इसके साथ ही कई राज्यों के प्रभारियों में बदलाव किया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भगत का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार दौरे के दौरान भगत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। पहली बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और प्रदेश में पार्टी की मौजूदा स्थिति की समीक्षा प्रमुख रूप से होने की संभावना है। बैठक में आने वाले चुनावों की तैयारियों को लेकर भी नेताओं से फीडबैक लिया जा सकता है। इसके अलावा प्रदेश में अलग-अलग स्तर पर संगठन और नेताओं की गतिविधियों तथा चल रहे कामकाज की जानकारी भी नए प्रभारी के समक्ष रखी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि भगत को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी ऐसे समय मिली है, जब कांग्रेस विपक्ष में है और पार्टी के सामने 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की चुनौती है। ऐसे में उनके पहले दौरे को प्रदेश कांग्रेस की आगामी संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए प्रभारी के सामने प्रदेश में नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय रखने और चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की चुनौती भी रहेगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News