दो महिलाएं एक-दूसरे के प्यार में हुईं पागल, पति को छोड़ा, पीड़ित पहुंचा SP ऑफिस, बोला- तलाक दिलाओ
Thursday, Apr 23, 2026-06:16 PM (IST)
विदिशा: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से रिश्तों की परंपरागत परिभाषाओं को चुनौती देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दो विवाहित महिलाएं अपने-अपने पतियों के साथ रहने के बजाय एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की जिद पर अड़ी हुई हैं। मामला इतना बढ़ गया कि एक पीड़ित पति को न्याय की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचना पड़ा।
जनसुनवाई के दौरान एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे के सामने पहुंचे युवक ने अपनी पत्नी से तलाक दिलाने और दूसरी महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। युवक ने बताया कि उसकी शादी करीब एक साल पहले जिले के ही एक अन्य थाना क्षेत्र की युवती से हुई थी, लेकिन विवाह के बाद से ही वैवाहिक जीवन सामान्य नहीं रहा।
पति के अनुसार, उसकी पत्नी शादी के बाद केवल दो-तीन बार ही ससुराल आई और अधिकतर समय मायके में ही रही। बाद में पता चला कि उसकी पत्नी का अपनी ही रिश्तेदारी की एक विवाहित महिला के साथ गहरा संबंध है। युवक का दावा है कि दोनों महिलाएं समलैंगिक संबंध में हैं और साथ रहने का फैसला कर चुकी हैं।
फरियादी ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरी महिला पहले ही तीन शादियां कर चुकी है और अपने तीनों पतियों को छोड़ चुकी है। उसने बताया कि दो महीने पहले वह महिला कुछ लोगों के साथ उसके घर पहुंची थी, जहां उसे जान से मारने की धमकी दी गई और पत्नी को छोड़ने का दबाव बनाया गया।
इतना ही नहीं, युवक ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ भ्रामक वीडियो डाले जा रहे हैं और थाने में भी झूठी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। मानसिक और सामाजिक दबाव से परेशान पति अब अपनी पत्नी को तलाक देने के लिए तैयार है। उसने पुलिस से अपना मोबाइल वापस दिलाने और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि इसमें पारिवारिक, सामाजिक और कानूनी तीनों तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।

