कचरा वाहन में गाय का शव ले जाने का वीडियो वायरल, ऊपर से डाला गया कचरा, नगर पालिका पर उठे सवाल
Friday, Mar 27, 2026-03:06 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर शहर में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां नगर पालिका के कचरा वाहन में गाय के शव को ले जाते हुए एक वीडियो सामने आया है। आरोप है कि न केवल गाय के शव को कचरा गाड़ी में डाला गया, बल्कि उसके ऊपर कचरा भी फेंका गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो शहर के बाईपास रोड क्षेत्र का है। मौके पर मौजूद एक युवक ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो सामने आने के बाद नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मामले में जब नगर पालिका के सीएमओ माधुरी शर्मा से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं कलेक्टर पार्थ जायसवाल से भी बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका भी जवाब नहीं मिल सका। प्रशासन की ओर से फिलहाल इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कांग्रेस बोली भाजपा की कथनी करनी में अंतर
इधर, इस घटना को लेकर कांग्रेस ने नगर पालिका और भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष गगन यादव ने कहा कि भाजपा केवल गाय के नाम पर राजनीति करती है और उसे माता मानने की बात करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छतरपुर नगर पालिका द्वारा गाय के शव के साथ इस तरह का व्यवहार करना बेहद अमानवीय है।
गगन यादव ने कहा कि शव को कचरा वाहन में डालना और उसके ऊपर कचरा फेंकना यह दर्शाता है कि भाजपा की कथनी और करनी में कितना अंतर है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। गौ शालाओं की स्थिति सब को पता है क्या है गायों के जिंदा रहते हुए उनके नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है वहीं उनकी मौत के बाद भी उनके शव से दुर्व्यवहार और दुर्दशा की जा रही है, यह बहुत ही निंदनीय है। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद शहर में इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।

