सोने चांदी से भी ज्यादा जरूरी LPG सिलेंडर! MP में सूने घर से ताला तोड़कर जेवर नकदी के साथ भरा गैस सिलेंडर उड़ा ले गए चोर
Monday, Mar 16, 2026-02:15 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। वार्ड नंबर 17 स्थित बुंदेला बब्बा कॉलोनी, फोर लाइन के पास किराए के मकान में रहने वाले एक परिवार के सूने घर को निशाना बनाते हुए चोर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह है कि चोर घर में रखा भरा हुआ LPG गैस सिलेंडर तक उठा ले गए।
क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक हरनाम सिंह यादव 13 मार्च की शाम करीब 6 बजे अपनी पत्नी के इलाज के लिए ग्वालियर गए थे। इसी दौरान घर खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया। चोर घर के अंदर घुसे और आराम से सामान समेटकर फरार हो गए।

ये सामान ले गए चोर
- भरा हुआ LPG गैस सिलेंडर
- साइकिल और प्रेस (इस्त्री)
- दो चश्मे सहित कई घरेलू सामान
- 5 किलो चावल, 5 किलो मूंग, 5 किलो अरहर दाल
- 5 किलो रिफाइंड तेल और 3 किलो निरमा
- जेवर और नकदी भी पार
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर घर में रखे जेवरात और नकदी भी ले गए। इनमें पायल, करीब 10 तोला अठन्नी, मंगलसूत्र, चुन्नी और अंगूठी शामिल हैं। इसके अलावा करीब 30 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए।
FIR दर्ज न होने का आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद हरनाम सिंह यादव ने संबंधित थाने में शिकायत दी है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत देने के बाद भी अभी तक पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।

