शिवसेना प्रमुख का क्लब में बर्थडे पार्टी का वीडियो वायरल, तलवार से काटा केक, परोसी गई शराब
Sunday, Aug 09, 2026-07:42 PM (IST)
रायपुर: छत्तीसगढ़ शिवसेना प्रमुख धनंजय परिहार का तलवार से केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र स्थित टिटोस क्लब का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो के बाद क्लब संचालन और निर्धारित समय के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में रात 12 बजे के बाद भी क्लब के भीतर युवक-युवतियों की मौजूदगी और पार्टी चलती दिखाई दे रही है।
वीडियो में छत्तीसगढ़ शिवसेना प्रमुख धनंजय परिहार भी नजर आ रहे हैं। इस दौरान वे तलवार से केक काटते दिखाई देते हैं। आसपास मौजूद लोग जश्न मनाते और मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। क्लब के भीतर तेज संगीत के बीच बड़ी संख्या में युवक-युवतियों के मौजूद होने का दावा भी वीडियो के आधार पर किया जा रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या क्लब में निर्धारित समय के बाद भी पार्टी और शराब परोसने की अनुमति थी। नियमों के मुताबिक बार और क्लबों में शराब परोसने के लिए निर्धारित समय का पालन जरूरी है। ऐसे में वायरल वीडियो ने पुलिस और आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। वायरल वीडियो को लेकर एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा ने वीडियो की जांच कराने की बात रविवार को कही है। उन्होंने क्लब संचालक सहित वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के खिलाफ जांच के बाद कारर्वाई किए जाने की बात कही है।

वहीं, छत्तीसगढ़ शिवसेना प्रमुख धनंजय परिहार ने वीडियो को करीब छह महीने पुराना बताते हुए सफाई दी है कि, 'वीडियो छह महीने पुराना बर्थडे का है। दोस्तों के कहने पर केक काटा था, किसी पर हमला करने की नियत से नहीं।' देर रात शराब परोसे जाने के आरोप पर परिहार ने कहा, '12 बजे तक का टाइम है। ग्राहक को उठते हुए समय लग जाता है। हमारे यहां रात 12 बजे के बाद ग्राहकों को शराब नहीं देते है।' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए पुराने वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो की वास्तविक तारीख और क्लब में शराब परोसने के समय को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच के आधार पर क्लब प्रबंधन और वीडियो में नजर आ रहे लोगों के खिलाफ कारर्वाई होती है या नहीं, यह देखना होगा।

