बंद पड़े सरकारी स्कूल के मंच पर आर्केस्ट्रा! वायरल VIDEO में डांस-नोटों की बौछार, कांग्रेस नेता भी आए नजर
Saturday, Sep 26, 2026-11:59 AM (IST)
बुरहानपुर। (राजू सिंह): जिले के बोरी बुजुर्ग गांव से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने बंद पड़े शासकीय स्कूल परिसर के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में पुराने सरकारी स्कूल के मंच पर आर्केस्ट्रा कार्यक्रम होता दिखाई दे रहा है। मंच पर महिलाएं और युवतियां डांस करती नजर आ रही हैं, जबकि वीडियो में कांग्रेस नेता सुमित अग्रवाल भी दिखाई देते हैं। वीडियो में उनके द्वारा नोट उड़ाते हुए नजर आने का दावा किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम गणेश उत्सव के दौरान बोरी बुजुर्ग गांव में आयोजित किया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव में गणेश प्रतिमा की स्थापना पुराने शासकीय स्कूल परिसर में की गई थी। इसी दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा था। इसी क्रम में पुराने स्कूल के मंच पर आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
करीब एक साल पहले तक संचालित होता था स्कूल
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, जिस स्कूल भवन के मंच पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहां करीब एक वर्ष पहले तक शासकीय स्कूल संचालित होता था। बाद में गांव में सांदीपनि स्कूल का नया भवन तैयार होने के बाद पुराने स्कूल को वहां मर्ज कर दिया गया। इसके बाद से पुराना स्कूल भवन और परिसर खाली पड़ा हुआ बताया जा रहा है।
गणेश उत्सव के दौरान स्थानीय लोगों ने इसी परिसर में गणेश प्रतिमा स्थापित की और कई कार्यक्रम आयोजित किए। इसी दौरान आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का वीडियो बनाया गया, जिसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। वीडियो सामने आने के बाद यह चर्चा का विषय बन गया।
सरकारी स्कूल परिसर में आयोजन को लेकर सवाल
वायरल वीडियो सामने आने के बाद सरकारी स्कूल परिसर के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि शासकीय भवन और परिसर में इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करने के लिए संबंधित विभाग या प्रशासन से अनुमति ली गई थी या नहीं।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल वर्तमान में संचालित नहीं हो रहा है और गणेश उत्सव के दौरान परिसर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।हालांकि, पुराना स्कूल भवन और परिसर शासकीय संपत्ति है। ऐसे में वहां किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए क्या अनुमति आवश्यक थी और आयोजन के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं, यह अधिकारियों के स्पष्टीकरण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर बोरी बुजुर्ग गांव में चर्चा तेज है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों और घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन इस पूरे मामले पर क्या जानकारी या स्पष्टीकरण देते हैं।

