पुलिस कांस्टेबल ने शिक्षिका से बनाए संबंध, गर्भवती हुई तो कराया अबाॅर्शन; मामला दर्ज
Monday, May 11, 2026-04:34 PM (IST)
CG Desk: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में से सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आ रही है। जहां एक शिक्षिका को पुलिस कांस्टेबल ने अपनी हवस का शिकार बनाया। महिला का आरोप है कि पुलिस कांस्टेबल ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। दो बार गर्भवती हुई तो जबरन गर्भपात कराया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला शिक्षिका ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान फेसबुक के जरिए आरक्षक रूद्रमणी यादव से हुई। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। 28 अप्रैल 2023 को आरोपी उसे घूमाने के बहाने साथ ले गया। इसी दौरान उसके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इसी के साथ ही उसके अश्लील फोटो-वीडियो भी बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार संबंध बनाए। बताया कि वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने दवा खिलाकर उसका जबरन गर्भपात करा दिया। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2020 में उसके पति की मृत्यु हो गई थी और वह अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी।
पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल रूद्रमणी यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 376(2)(N) और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

