Punjab Kesari MP ads

केपी सिंह पर बरसे प्रीतम लोधी, बोले- ‘जनता को बेचने वाले नेताओं से सवाल करो’

Monday, Sep 07, 2026-06:45 PM (IST)

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा में राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज होती दिखाई दे रही है। बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने एक वीडियो जारी कर पूर्व विधायक केपी सिंह और उनके समर्थक बताए जा रहे कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक का दावा है कि पिछोर में लंबे समय से बनी शांति को कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के चलते बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में प्रीतम लोधी ने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं के माध्यम से समाज में वैमनस्य पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछोर में करीब ढाई साल से अपेक्षाकृत शांत माहौल था, लेकिन अब कुछ लोगों को यह स्थिति रास नहीं आ रही है।

जनता को इस्तेमाल करने वाली राजनीति बंद होनी चाहिए’

प्रीतम लोधी ने अपने बयान में केपी सिंह पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछोर की जनता और लोधी समाज का राजनीतिक इस्तेमाल किया गया। विधायक ने कहा कि आने वाले समय में जनपद और जिला पंचायत चुनावों को देखते हुए कुछ राजनीतिक चेहरे फिर सक्रिय हो रहे हैं।

उन्होंने इसे ‘पिछोर बचाओ’ के बजाय राजनीतिक हित साधने की कोशिश बताया और जनता से ऐसे नेताओं से सवाल करने की अपील की। प्रीतम लोधी ने कहा कि अब पिछोर की जनता को पहले से ज्यादा जागरूक रहने की जरूरत है और चुनाव के दौरान नेताओं से उनके पुराने राजनीतिक फैसलों को लेकर जवाब मांगा जाना चाहिए।

‘गाली का जवाब गाली से नहीं, जनता देगी जवाब’

अपने अंदाज में बयान देते हुए प्रीतम लोधी ने विरोधी नेताओं पर तीखा तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है और आने वाले समय में राजनीतिक तौर पर इसका जवाब दिया जाएगा।

8 सितंबर के कार्यक्रम को लेकर बढ़ी सियासी हलचल

पिछोर में यह राजनीतिक बयानबाजी ऐसे समय सामने आई है, जब 8 सितंबर को ‘पिछोर बचाओ’ नाम से एक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के कुछ भाजपा नेताओं समेत कई स्थानीय राजनीतिक चेहरे विधायक प्रीतम लोधी के खिलाफ मुखर हैं।

ऐसे में 8 सितंबर का प्रस्तावित कार्यक्रम पिछोर की स्थानीय राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। विधायक प्रीतम लोधी के ताजा बयान के बाद क्षेत्र की सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। हालांकि, केपी सिंह या अन्य संबंधित नेताओं की ओर से इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News