Punjab Kesari MP ads

इंदौर में कांग्रेस का BJP पर वार, रागिनी नायक ने विजयवर्गीय के ‘घंटा’ बयान पर कसा तंज

Saturday, Sep 05, 2026-05:57 PM (IST)

इंदौर। (सचिन बहरानी): मध्यप्रदेश की सियासत में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुराने ‘घंटा’ वाले बयान की एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विजयवर्गीय के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर भाजपा नेताओं के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के आने से भाजपा को कोई फायदा नहीं होने वाला।

शनिवार को इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं रागिनी नायक से जब भाजपा नेताओं के उस दावे को लेकर सवाल किया गया, जिसमें राहुल गांधी के दौरे से भाजपा को राजनीतिक लाभ मिलने की बात कही गई थी, तो उन्होंने कैलाश विजयवर्गीय पर सीधे निशाना साध दिया।

रागिनी नायक ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय जब भी इस तरह की बातें करते हैं, तो कई बार उनके बयानों का ही मजाक बन जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर भाजपा को राहुल गांधी के आने से फायदा होने की बात कही जा रही है तो ‘घंटा फायदा होगा।’

कांग्रेस प्रवक्ता ने विजयवर्गीय को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए और कोई भी बयान देने से पहले सोच-विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब तक तो उन्हें यह सीख जाना चाहिए था।

दरअसल, भागीरथपुरा दूषित जलकांड के दौरान कैलाश विजयवर्गीय का दिया गया ‘घंटा’ वाला बयान पहले भी राजनीतिक विवाद का विषय बन चुका है। अब रागिनी नायक के ताजा बयान के बाद यह मुद्दा एक बार फिर सियासी चर्चा के केंद्र में आ गया है।

राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है। ऐसे में रागिनी नायक का यह पलटवार आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में और चर्चा पैदा कर सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News