Punjab Kesari MP ads

राजा देवेंद्र प्रताप होंगे छत्तीसगढ़ से BJP के राज्यसभा उम्मीदवार, जानिए राज परिवार से क्या है संबंध

Monday, Feb 12, 2024-01:34 PM (IST)

रायपुर(सत्येंद्र शर्मा): छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सीट के लिए भाजपा ने राजा देवेंद्र प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया है। राजा देवेंद्र प्रताप सिंह लैलूंगा से जिला पंचायत सदस्य हैं और 15 साल से भाजपा से जुड़े हुए हैं। दो अप्रैल 2024 को राज्य सभा की सीट पर सरोज पांडे का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। राज्यसभा चुनाव के लिए आठ फरवरी से नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है जो 15 फरवरी तक चलेगी। 27 फरवरी के दिन चुनाव होंगे।

देवेंद्र प्रताप सिंह, दिलीप सिंह जूदेव और मौजूदा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी पुराने संबंध रखते हैं। रायगढ़ इलाके के राजनीतिक अभियानों में सभी ने साथ में काम किया है। पिछले लोकसभा चुनाव में देवेंद्र प्रताप सिंह को लोकसभा का टिकट दिए जाने की चर्चा थी, वह स्वयं दावेदारी भी कर रहे थे।

राज परिवार से हैं देवेंद्र प्रताप

रायगढ़ जिले के रहने वाले देवेंद्र प्रताप का ताल्लुक रायगढ़ के राज परिवार से है। जिन राजा चक्रधर की याद में चक्रधर समारोह प्रदेश में आयोजित किया जाता है ये उन्हीं के परपोते हैं। देवेंद्र प्रताप सिंह इस वक्त लैलूंगा की जिला पंचायत के सदस्य हैं। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं। पूर्व में रायगढ़ जिले के संघ चालक रह चुके हैं। रेलवे समिति के सदस्य रह चुके हैं। संगठन सूत्रों की माने तो राज्यसभा में देवेंद्र प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाए जाने के पीछे संघ का हाथ है क्योंकि देवेंद्र संघ के पसंदीदा रहे हैं। लैलूंगा के ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय ढंग से आदिवासियों के बीच संघ के कार्यक्रमों पर काम करते रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News