Punjab Kesari MP ads

टिकट देने की किसकी औकात’ कहकर मचाया था बवाल, अब पूर्व CM उमा भारती ने खोला बयान के पीछे का राज!

Friday, Nov 27, 2026-06:22 PM (IST)

भोपाल: पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के लोकसभा चुनाव 2029 में टिकट को लेकर दिए गए बयान पर मचे राजनीतिक घमासान के बीच उन्होंने अब अपनी बात स्पष्ट की है। सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर उमा भारती ने कहा कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बातचीत के दौरान कही गई उनकी बात को अहंकार के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने इसे अपनी राजनीतिक यात्रा की सच्चाई बताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें कभी टिकट के लिए नहीं कहा, बल्कि हर बार चुनाव लड़ने के लिए मनाया है।

दरअसल, दो दिन पहले ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों ने उमा भारती से सवाल किया था कि क्या वह 2029 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगी और उन्हें पार्टी से टिकट मिलेगा या नहीं। इस पर उन्होंने दो टूक अंदाज में जवाब दिया था कि टिकट देने की किसकी औकात है, वह खुद तय करती हैं कि उन्हें चुनाव लड़ना है या नहीं। उनके इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब उमा भारती ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बयान का अर्थ समझाया है।

*योगदान और क्षमता से मिलती है राजनीतिक जिम्मेदारी

उमा भारती ने अपनी पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के कई बड़े नेता सामान्य परिवारों से निकलकर लगातार जनसेवा और संघर्ष के जरिए इस मुकाम तक पहुंचे हैं। पार्टी में किसी व्यक्ति को जिम्मेदारी मिलने के पीछे उसकी मेहनत, जरूरत और योगदान देने की क्षमता महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए टिकट देना एक वैधानिक प्रक्रिया है, जिसे चुनाव आयोग के नियमों के तहत पूरा किया जाता है। उनके मुताबिक किसी व्यक्ति को चुनावी जिम्मेदारी मिलने के लिए तीन बातें मायने रखती हैं- व्यक्ति की अपनी क्षमता, संगठन को उसकी जरूरत और समाज के लिए उसका योगदान। जब किसी व्यक्ति में ये खूबियां होती हैं, तो जनता और पार्टी के कार्यकर्ता भी उसे पूरा समर्थन देते हैं।

मोहन यादव सरकार के कामकाज से संतुष्ट हैं उमा

उमा भारती ने ग्वालियर में बातचीत के दौरान मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार को लेकर भी अपनी राय रखी थी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कामकाज पर संतुष्टि जताते हुए कहा था कि वह उनसे बेहद प्रसन्न हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि किसी मुख्यमंत्री की सफलता केवल उसके प्रयासों से संभव नहीं है। सरकार के बेहतर संचालन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग जरूरी है।

शिवराज सरकार की शराब नीति को बताया था बेहतर

प्रदेश में शराबबंदी और सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के मुद्दे पर भी उमा भारती ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में तैयार की गई शराब नीति को बेहतरीन बताया। उनका कहना था कि इस नीति को तैयार करने में उन्होंने खुद अहम भूमिका निभाई थी और इसके हर पहलू को बारीकी से तय किया गया था।

उमा भारती ने कहा कि शराब की समस्या से निपटने के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। इसके लिए पंच, सरपंच, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक और सांसद सहित सभी जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने शराब की लत छोड़ने के इच्छुक लोगों की मदद के लिए प्रत्येक जिले में नशामुक्ति केंद्र स्थापित करने की जरूरत भी बताई। उमा भारती की सफाई के बाद अब उनके पुराने बयान को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं को एक नया मोड़ मिल गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News