Punjab Kesari MP ads

MP में अब RSS यूनिवर्सिटी की एंट्री, 110 करोड़ में होगी तैयार, 5 हजार छात्र एक साथ पढ़ेंगे

Monday, May 04, 2026-12:11 PM (IST)

MP News : मध्य प्रदेश को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जी हां, प्रदेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पहली यूनिवर्सिटी खुलने जा रही है। आज यानी 4 मई का दिन एमपी के लिए बेहद खास बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस ऋषि गालव विश्वविद्यालय का भूमिपूजन करेंगे। बता दें कि 110 करोड़ की लागत का ये विश्वविद्यालय ग्वालियर में बनाया जाएगा।

सोमवार को शीतला माता मार्ग स्थित ग्राम बेला में विश्वविद्यालय के लिए भूमिपूजन का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट उपस्थित रहेंगे। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी होंगे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्यभारत प्रांत संघचालक अशोक पांडे करेंगे। करीब 85 साल सक्रिय 'मध्य भारत शिक्षा समिति' ऋषि गालव विश्वविद्यालय का संचालन करेगी।

शहर के शिवपुरी लिंक रोड पर 55 बीघा जमीन विश्वविद्यालय के लिए तय कर दी गई है। इसी जगह पर लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से विश्वविद्यालय का भवन बनाया जाएगा। इस भवन में करीब 5 हजार छात्र-छात्राओं के पढ़ने की व्यवस्था होगी। विश्वविद्यालय का सत्र गुरु पूर्णिमा, 18 जुलाई 2027 से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण का काम 30 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। पूरा विश्वविद्यालय लगभग 3 साल में बनकर तैयार होगा। यह विश्वविद्यालय अच्छी गुणवत्ता की शिक्षा देगा और देश के भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान करेगा।

 

 


 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News