MP मंत्रालय में प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी! IPS अफसरों की भी बनी सूची
Saturday, May 02, 2026-06:23 PM (IST)
भोपाल: मध्यप्रदेश में मंत्रालय स्तर पर बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन के बीच अहम चर्चा हो चुकी है। संकेत साफ हैं कि आने वाले दिनों में कई विभागों और वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव देखने को मिलेगा।
मंत्रालय स्तर पर क्या बदल सकता है
सरकार का फोकस उन विभागों पर है जहां एक ही अधिकारी के पास 2–3 विभागों का अतिरिक्त प्रभार है। उदाहरण के तौर पर शिवशेखर शुक्ला के पास गृह, पर्यटन और संस्कृति जैसे महत्वपूर्ण विभाग हैं। सरकार अब ऐसे विभागों में स्थायी अधिकारियों की नियुक्ति करना चाहती है, ताकि कामकाज ज्यादा प्रभावी हो सके।
लंबे समय से जमे अधिकारियों पर नजर
सूत्रों के मुताबिक, जिन अधिकारी 2–3 साल से एक ही विभाग में पदस्थ हैं, उन्हें भी बदला जा सकता है। इसमें रश्मि अरुण शमी (खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति) और सोनाली पोंक्षे वायंगणकर (सामाजिक न्याय विभाग) जैसे नाम चर्चा में हैं। इनके पास भी अतिरिक्त प्रभार हैं, जिन्हें पुनर्गठित किया जा सकता है।
आईपीएस अधिकारियों के तबादले भी तय
प्रशासनिक फेरबदल के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी बड़े स्तर पर बदलाव होने वाले हैं। मुख्य सचिव अनुराग जैन और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के साथ चर्चा के बाद आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इसमें ADG, IG, DIG से लेकर कई जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) तक शामिल होंगे। खास बात यह है कि जिन जिलों में वर्तमान में DIG स्तर के अधिकारी SP की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, वहां नए SP की नियुक्ति लगभग तय मानी जा रही है।

