IPS अफसर को औकात में रहने की धमकी देने वाले BJP विधायक प्रीतम लोधी भोपाल तलब, CM संग बंद कमरे में चर्चा
Thursday, Apr 23, 2026-08:28 PM (IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई जब पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निवास पहुंचे। बंद कमरे में हुई इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को और गर्म कर दिया। बताया जा रहा है कि भाजपा द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस के बाद यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है।
पूरा मामला 16 अप्रैल की उस घटना से जुड़ा है, जब विधायक के बेटे की थार गाड़ी दुर्घटना के बाद पुलिस कार्रवाई से नाराज विधायक प्रीतम लोधी ने करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। आरोप है कि उन्होंने आईपीएस अधिकारी को “औकात में रहने” की धमकी दी और यहां तक कह दिया कि उनके बंगले में गोबर भरवा देंगे। इस बयान के सामने आते ही प्रदेशभर की आईपीएस लॉबी में नाराजगी फैल गई और मामला तूल पकड़ गया।
विवाद बढ़ने पर भाजपा संगठन ने भी सख्त रुख अपनाया और विधायक को तीन दिन के भीतर जवाब देने का नोटिस जारी कर दिया। इसके बाद अब विधायक का सीधे मुख्यमंत्री निवास पहुंचना कई राजनीतिक संकेत दे रहा है।
सोशल मीडिया पर सामने आई एक तस्वीर ने इस मुलाकात को और चर्चा में ला दिया है, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विवादित बयान देने वाले विधायक प्रीतम लोधी एक साथ नजर आ रहे हैं।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पार्टी विधायक के जवाब से संतुष्ट होती है या फिर उनके खिलाफ कोई बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होती है। फिलहाल बंद कमरे की इस बैठक ने मध्यप्रदेश की राजनीति में नया भूचाल ला दिया है।

