BJP विधायक का IPS अफसर पर बड़ा आरोप! गुंडे पाल रखे, वसूली कराते हैं… जवाब नहीं मिला तो बंगले में गोबर भरूंगा
Wednesday, Apr 22, 2026-01:43 PM (IST)
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी की राजनीति में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी का विवादित बयान अब बड़ा सियासी मुद्दा बन गया है। करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ पर गंभीर आरोप लगाते हुए विधायक ने यहां तक कह दिया कि “अगर मुझे इस बात का स्पष्टीकरण नहीं मिला तो मैं गोबर और बंगले का मिलान करूंगा।” उन्होंने एसडीओपी पर “स्पेशल गुंडे” रखने, लोगों से मारपीट करवाने और आरटीओ चालू कराकर दबाव बनाने जैसे आरोप लगाए।
पूरा मामला 16 अप्रैल से शुरू हुआ, जब विधायक पुत्र दिनेश लोधी ने करैरा थाने के सामने अपनी थार गाड़ी से पांच लोगों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में तीन मजदूर और दो महिलाएं घायल हो गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद दिनेश ने रौब झाड़ते हुए कहा था—“हॉर्न और सायरन बजाया था, हटे क्यों नहीं?” इस मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया।
19 अप्रैल को पूछताछ के लिए एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ ने दिनेश को थाने बुलाया। वह उसी थार गाड़ी से थाने पहुंचा, जिसमें काली फिल्म और हूटर लगा था। इस पर एसडीओपी ने उसे फटकार लगाई। बस यही बात विधायक प्रीतम लोधी को नागवार गुजरी।
20 अप्रैल को विधायक ने वीडियो जारी कर एसडीओपी पर खुला हमला बोला। उन्होंने कहा—“करैरा तुम्हारे डैडी का नहीं है, मेरा बेटा यहां आएगा और चुनाव भी लड़ेगा।” इस दौरान उन्होंने कई अमर्यादित शब्दों का भी इस्तेमाल किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
अब इस बयान पर भारतीय पुलिस सेवा संघ ने कड़ी आपत्ति जताई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर ने पत्र जारी कर कहा कि विधायक की टिप्पणियां न केवल एसडीओपी और उनके परिवार का अपमान हैं, बल्कि जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा के भी खिलाफ हैं। इससे प्रशासनिक अधिकारियों के मनोबल पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। संघ ने विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

