BJP विधायक को भागवत कथा में संत ने मारे मुक्के, धक्का देकर माला फेंकी
Thursday, Apr 16, 2026-02:46 PM (IST)
दतिया: जिले के ग्राम बेरछा में इन दिनों चल रही श्रीमद् भागवत कथा अचानक एक विवादित घटना के कारण सुर्खियों में आ गई है। कथा के दौरान उस वक्त माहौल बदल गया, जब सेवड़ा से बीजेपी विधायक प्रदीप अग्रवाल आशीर्वाद लेने मंच पर पहुंचे—लेकिन उन्हें आशीर्वाद की जगह संत के गुस्से का सामना करना पड़ा। भिंड के चर्चित संत सीताराम महाराज कथा वाचन कर रहे थे। इसी दौरान विधायक अग्रवाल मंच पर पहुंचे और श्रद्धा से संत को माला पहनाकर आशीर्वाद लेने के लिए झुके। लेकिन अगले ही पल जो हुआ, उसने सभी को चौंका दिया। संत ने अचानक विधायक को मुक्का मार दिया, उन्हें अपने से दूर धकेल दिया और पहनाई गई माला को भी फेंक दिया।
घटना वहां मौजूद लोगों के लिए भी हैरान करने वाली रही। किसी को समझ नहीं आया कि यह आशीर्वाद का तरीका था या नाराजगी का इज़हार। बताया जा रहा है कि संत सीताराम महाराज अपने कुछ भक्तों को इसी अनोखे अंदाज में ‘आशीर्वाद’ देते हैं और उनके ऐसे वीडियो पहले भी सामने आ चुके हैं। हालांकि, इस बार मामला एक जनप्रतिनिधि से जुड़ा होने के कारण ज्यादा चर्चा में है।
यह घटना करीब चार दिन पुरानी बताई जा रही है, लेकिन इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे संत की परंपरा या विशेष आशीर्वाद बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे सार्वजनिक अपमान और अनुचित व्यवहार मान रहे हैं।
ग्राम बेरछा में चल रही भागवत कथा अब इस घटना के चलते और भी चर्चा में आ गई है। फिलहाल न तो विधायक प्रदीप अग्रवाल की ओर से और न ही संत सीताराम महाराज की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। वीडियो के वायरल होने के बाद यह घटना पूरे दतिया जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग अपने-अपने नजरिए से इसे देख रहे हैं।

