BJP के दिग्गज विधायक का इलाज के दौरान निधन, आज होगा अंतिम संस्कार; राजनीतिक जगत में शोक की लहर
Saturday, Oct 31, 2026-12:46 PM (IST)
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिए दुखद खबर है। दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन के बाद शनिवार को उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। 78 वर्षीय विधायक लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे थे। हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था, जहां शुक्रवार को उनका निधन हो गया। उनके जाने से भाजपा संगठन और राजनीतिक जगत में शोक का माहौल है।
रायपुर पहुंचेगी पार्थिव देह
दिवंगत विधायक का पार्थिव शरीर शनिवार, 31 अक्टूबर को विमान से रायपुर लाया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक उनकी पार्थिव देह स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेगी। यहां पार्टी नेताओं, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को श्रद्धांजलि देने का अवसर मिलेगा।
एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास ले जाया जाएगा। उनके आवास पहुंचने के बाद अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे। इसके बाद वहां से रवाना होकर पार्थिव देह दुर्ग के जवाहर नगर पहुंचेगी। यहां दोपहर 12:30 बजे तक लोग उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर सकेंगे।

पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
दुर्ग में श्रद्धांजलि कार्यक्रम पूरा होने के बाद पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा के लिए रवाना होगा। यह गांव गुंडरदेही क्षेत्र के अंतर्गत बालोद जिले में स्थित है। दोपहर करीब 1 बजे पार्थिव देह गांव पहुंचेगी, जहां परिवार के सदस्यों, ग्रामीणों और समर्थकों को अंतिम दर्शन का अवसर मिलेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के मौजूद रहने की संभावना है।
राजनीतिक जगत में शोक की लहर
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन को भाजपा के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद पार्टी नेताओं और समर्थकों में शोक व्याप्त है। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में भी उनके निधन से समर्थकों और परिचितों के बीच दुख का माहौल है। शनिवार को रायपुर से लेकर दुर्ग और उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा तक श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के जरिए उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

