सिंधिया ने इस शहर के लिए किया ऐसा ऐलान, जानकर किसानों से लेकर शहरवासियों तक में खुशी
Sunday, Jun 28, 2026-08:07 PM (IST)
गुना (मिसबाह नूर): केंद्रीय मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को जिला मुख्यालय पर दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की महत्वपूर्ण बैठक ली। इसके बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बैठक को बेहद सार्थक बताया और गुना-अशोकनगर के लिए कई ऐतिहासिक विकास योजनाओं की घोषणा की।केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया कि गुना जिले के ग्राम कंजा में स्थित कूनो नदी के उद्गम स्थल का जीर्णोद्धार किया जाएगा। 180 किलोमीटर लंबी इस नदी का 60 किलोमीटर हिस्सा गुना जिले में बहता है। उन्होंने कहा कि यदि कूनो नदी के जल संवर्धन और संरक्षण का कार्य गंभीरता से किया जाए, तो क्षेत्र की 1800 हेक्टेयर भूमि सिंचित हो सकती है। इसके लिए गुना जिला प्रशासन ने 42 करोड़ रुपये की एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है, जिसका प्रस्ताव वे केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल को सौंपेंगे।
सिंधिया ने कहा कि वैश्विक संकट के बावजूद प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के समन्वय से देश में उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने दावा किया कि बोवनी का सीजन आते ही जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी पूरी तरह बेहतर हो जाएगी। इसके साथ ही धानबाड़ी में नए सब-स्टेशन की स्थापना की जा रही है। वहीं, मारकीमहू में 15 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक आईटीआई भवन का लोकार्पण भी किया गया है।
सिंधिया ने बताया कि गुना शहर के सौंदर्यीकरण का कार्य तेज गति से किया जाएगा, ताकि शहर में प्रवेश करते ही एक ऐतिहासिक नगर का एहसास हो। गुना और अशोकनगर दोनों शहरों के विकास के लिए अलग से विशेष राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने अपने दौरे के दौरान दी गई विकास योजनाओं की सौगात का उल्लेख करते हुए बताया कि एक आदिवासी संस्था के लिए स्थापित खुटियावद सोलर प्लांट का रविवार को लोकार्पण किया गया। इस प्लांट से प्रतिवर्ष लगभग 60 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर सिंधिया ने कहा कि गुना जिला अस्पताल का लगातार आधुनिकीकरण किया जा रहा है। जल्द ही यहां मरीजों के लिए एमआरआई मशीन और बोन डेंसिटी जैसी आधुनिक जांच मशीनें स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने एक महत्वपूर्ण पारिवारिक घोषणा भी साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी धर्मपत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने ग्राम पाटई के प्राचीन राम-जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार का जो आश्वासन ग्रामीणों को दिया था, उसे रविवार को पूरा कर दिया गया है। सिंधिया ने स्वयं दौरे के दौरान मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया और संकल्प लिया कि इस मंदिर को भव्य एवं सुंदर स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

