Punjab Kesari MP ads

जनता की शिकायत पर एक्शन में सिंधिया, मौके पर कलेक्टर को बुलाकर दिए सख्त निर्देश

Saturday, Jun 27, 2026-07:18 PM (IST)

गुना (मिसबाह नूर): केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र गुना के दो दिवसीय प्रवास पर हैं। दौरे के पहले दिन शुक्रवार को उन्होंने स्थानीय सर्किट हाउस में आम जनता और विभिन्न संगठनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान नगर पालिका के वार्डों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने केंद्रीय मंत्री को अपनी शिकायतों से अवगत कराया।

PunjabKesari

जनसुनवाई के दौरान कैंट क्षेत्र की गोविंद गार्डन कॉलोनी के रहवासियों में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय निवासियों ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि वे पिछले कई वर्षों से सड़क, नाली और जलभराव जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। मानसून सिर पर होने के बावजूद नगर पालिका द्वारा जलभराव को रोकने के लिए कोई पुख्ता उपाय नहीं किए गए हैं।

PunjabKesari

रहवासियों ने मांग की कि पहले नदी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाए और फिर गुनिया नदी का गहरीकरण किया जाए, ताकि गोविंद गार्डन क्षेत्र डूब में आने से बच सके। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने रहवासियों की समस्या को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर ही मौजूद गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को तलब कर इस गंभीर समस्या का तत्काल और स्थाई समाधान निकालने के कड़े निर्देश दिए।

PunjabKesari

सर्किट हाउस में जनसुनवाई पूरी करने के बाद केंद्रीय मंत्री सिंधिया गुना जिले के कंजा गांव के लिए रवाना हुए, जहां से कूनो नदी का उद्गम होता है। सिंधिया ने कूनो नदी को पुनर्जीवित और संवारने के लिए स्वीकृत की गई 42 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना का विधिवत शुभारंभ किया। इस जीर्णोद्धार परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में जलस्तर सुधरेगा और जल संकट से मुक्ति मिलेगी। नदी के संवरने से आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा।

इस परियोजना के तहत नदी क्षेत्र में 5.12 क्यूबिक मीटर जल संग्रहित किया जा सकेगा। केंद्रीय मंत्री के इस कदम से गुना जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News