MP में कलेक्टर का बड़ा एक्शन! नगर परिषद सीएमओ को किया निलंबित, लगे गंभीर आरोप; मचा हड़कंप
Friday, Jun 19, 2026-10:58 AM (IST)
निवाड़ीः मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले में कलेक्टर की जांच रिपोर्ट पर संभागायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां जेरोन खालसा नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मोहन चौरसिया को निलंबित किया है। अधिकारी पर शासकीय कार्यों में लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है। सागर संभागायुक्त की कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
दरअसल, निवाड़ी कलेक्टर जमुना भिड़े ने पिछले दिनों नगर परिषद जेरोन खालसा का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान विभागीय कामकाज और व्यवस्थाओं में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में सामने आया कि सीएमओ मोहन चौरसिया ने शासकीय कार्यों में लापरवाही बरती है। इस दौरान क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था अत्यंत असंतोषजनक पाई गई। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में भारी उदासीनता बरती गई, जिससे पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा था।
कलेक्टर ने इस संबंध में एक विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर सागर संभागायुक्त को भेजा था। इस प्रतिवेदन के आधार पर संभागायुक्त ने सीएमओ को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए। इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।


