MP में नगर पालिका CMO पर बड़ा एक्शन,अभद्र व्यवहार और बदसलूकी के आरोप में हटाए गए
Friday, Jul 31, 2026-06:47 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर में नगर पालिका नौगांव के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) आरएस अवस्थी को सफाईकर्मियों से विवाद के मामले में उनके पद से हटाकर जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा), छतरपुर में अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह खजुराहो नगर परिषद के सीएमओ बसंत चतुर्वेदी को नौगांव नगर पालिका का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह कार्रवाई एसडीएम नौगांव के प्रतिवेदन में दर्ज तथ्यों की जांच लंबित रहने के दौरान की गई है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने तक आरएस अवस्थी डूडा में संबद्ध रहेंगे।
दरअसल, कुछ दिन पहले सफाईकर्मियों ने सीएमओ पर अभद्र व्यवहार और बदसलूकी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। कर्मचारियों ने एफआईआर दर्ज करने की मांग की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर वे हड़ताल पर चले गए। करीब एक सप्ताह तक चली हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। स्थिति बिगड़ने पर अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी नौगांव पहुंचे थे। उन्होंने कर्मचारियों से चर्चा कर 48 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिसके बाद सफाईकर्मियों ने हड़ताल समाप्त कर दी थी।
अब प्रशासन ने अपने आश्वासन के अनुरूप सीएमओ आरएस अवस्थी को हटाते हुए डूडा में अटैच कर दिया है। अपर कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, खजुराहो नगर परिषद के सीएमओ बसंत चतुर्वेदी नौगांव नगर पालिका का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे और दोनों निकायों की जिम्मेदारी देखेंगे।

