MP में बड़ा हादसा! यात्रियों से भरी बस अचानक पलटी, 30-35 यात्री थे सवार; मची अफरा-तफरी
Wednesday, Jul 22, 2026-04:50 PM (IST)
भिण्डः मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गोहद के निकट बुधवार सुबह एक निजी यात्री बस अचानक पलटी है। घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि छह से सात अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार ग्वालियर से सुबह लगभग 5.30 बजे एक निजी बस भिण्ड होते हुए उत्तर प्रदेश के जालौन के लिए रवाना हुई थी। बारहेड़ से आगे गोहद की ओर जाते समय चालक को कथित रूप से झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। उस समय बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को बस से बाहर निकाला और घटना की सूचना डायल-112 पर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस तथा कई एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जबकि छह से सात अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को गोहद के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मामूली रूप से घायल यात्रियों को छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार जारी है। गोहद थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। प्रथम द्दष्टया दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

