Punjab Kesari MP ads

CM हेल्पलाइन नं 1076 पर शिकायत का तुरंत समाधान, एक्शन में जिला प्रशासन; अवैध खनन पर 6 वाहन जब्त

Saturday, Jun 27, 2026-06:00 PM (IST)

रायपुरः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। कार्रवाई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने देवराजपारा-सधवानी, बंधी-बचरवार तथा सिलपहरी क्षेत्र में छापेमारी की। जांच के दौरान मुरूम, मिट्टी के अवैध उत्खनन तथा रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त तीन जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए। जब्त वाहनों को पुलिस लाइन अमरपुर में सुरक्षित रखा गया है। बताया गया कि सधवानी के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा कलेक्टर के समक्ष अवैध उत्खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद खनिज विभाग को तत्काल जांच और कारर्वाई के निर्देश दिए गए, जिसके बाद यह अभियान चलाया गया।

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने कहा कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी और शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खनिज विभाग के अनुसार, जब्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

नियमानुसार अर्थदंड एवं समझौता राशि जमा होने के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा। कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे, नगर सैनिक सतीश साहू तथा जिला खनिज उड़नदस्ता दल के अन्य सदस्यों ने भाग लिया।



 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News