Punjab Kesari MP ads

CM हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत का समाधान, अधिक कीमत पर खाद बेचने वाले केंद्र पर हुई कार्रवाई; दुकान सील

Friday, Jun 26, 2026-09:12 AM (IST)

रायपुरः छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायत के आधार पर कृषि विभाग ने सरगुजा जिले में अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने के आरोप में एक उर्वरक विक्रय केंद्र पर छापेमार कार्रवाई करते हुए 3219 बोरी उर्वरक जब्त कर विक्रय केंद्र को सील कर दिया।

जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर के नेहरूनगर (डीगमा) स्थित मेसर्स सरगुजा कृषि राय केंद्र के विरुद्ध एक किसान ने निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बेचने की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद कृषि विभाग ने जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता के बयान तथा ऑनलाइन भुगतान से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों के परीक्षण में अधिक कीमत पर उर्वरक बिक्री की पुष्टि होने पर जिला स्तरीय टीम ने गुरुवार को प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान परिसर में उपलब्ध 3219 बोरी उर्वरक जब्त कर संपूर्ण विक्रय केंद्र को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि कुंवर साय पैंकरा, उर्वरक निरीक्षक जे. आलम तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सीताराम भगत सहित कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

कृषि विभाग ने कहा है कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है तथा उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने किसानों से ऐसी किसी भी अनियमितता की सूचना मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 अथवा कृषि विभाग को देने की अपील की है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News