बच्चों के बीच पहुंचे सिंधिया ने पूछा- ‘बूढ़ा हो जाऊंगा तो मेरी देखभाल करोगे?’ जवाब सुनकर मुस्कुराए
Thursday, Sep 17, 2026-07:20 PM (IST)
गुना। (मिसबाह नूर): केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गुना दौरे के दौरान उनका बच्चों के प्रति स्नेह और अपनापन देखने को मिला। बमौरी क्षेत्र के ग्राम सांगई स्थित शासकीय विद्यालय में पहुंचे सिंधिया ने प्राथमिक कक्षा के बच्चों के साथ कुछ पल बिताए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बेहद सहज अंदाज में बातचीत की और ऐसे सवाल किए, जिनके मासूम जवाबों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया।
दरअसल, सिंधिया बमौरी क्षेत्र में कॉलेज और सब स्टेशन के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद वे ग्राम सांगई के शासकीय विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने छोटे बच्चों से मुलाकात की और उनके बीच काफी देर तक अनौपचारिक बातचीत की। सिंधिया बच्चों के बीच बिल्कुल सहज नजर आए और उन्होंने कई सवाल पूछकर उनकी बातें सुनीं।
इसी दौरान उन्होंने बच्चों से मुस्कुराते हुए पूछा- ‘मैं जब बूढ़ा हो जाऊंगा तो मेरी देखभाल करोगे कि नहीं?’ केंद्रीय मंत्री के इस सवाल पर बच्चों ने अपने मासूम अंदाज में जवाब दिए। बच्चों के साथ बातचीत करते हुए सिंधिया ने उनसे यह भी पूछा कि उन्हें उनसे मिलकर कैसा लग रहा है और क्या वे उन्हें याद रखेंगे।
सिंधिया ने बच्चों से यह भी जानना चाहा कि क्या वे उन्हें दोबारा अपने स्कूल में बुलाएंगे। बातचीत का सिलसिला यहीं नहीं रुका। उन्होंने स्कूल में बनने वाली नई रसोई का जिक्र करते हुए बच्चों से पूछा कि रसोई तैयार होने के बाद क्या वे उन्हें अपने हाथ का खाना खिलाएंगे।
बच्चों के बीच केंद्रीय मंत्री का यह सहज अंदाज देखकर स्कूल में मौजूद शिक्षक और अन्य लोग भी मुस्कुराते नजर आए। सिंधिया ने बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनकी पढ़ाई, स्कूल की सुविधाओं तथा रोजमर्रा की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली।
इस दौरान बच्चों और सिंधिया के बीच हुई बातचीत का वीडियो भी चर्चा में रहा। राजनीतिक और औपचारिक कार्यक्रमों से अलग उनका यह बालसुलभ अंदाज लोगों को पसंद आया। बच्चों के साथ हंसी-मजाक और सहज बातचीत ने कुछ देर के लिए पूरे स्कूल परिसर का माहौल हल्का-फुल्का और खुशनुमा बना दिया। सिंधिया के गुना दौरे में जहां विकास कार्यों के लोकार्पण और आम लोगों से संवाद के कार्यक्रम हुए, वहीं सांगई स्कूल में बच्चों के साथ बिताए ये पल भी खास नजर आए।

