Punjab Kesari MP ads

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत 100 से अधिक नेताओं की VIP सुरक्षा में कटौती! मंत्री, पूर्व मंत्री और विधायक भी शामिल

Thursday, Nov 19, 2026-01:19 PM (IST)

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सशस्त्र नक्सलवाद की समाप्ति के बाद राज्य सरकार ने वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए 100 से अधिक नेताओं और अधिकारियों की सुरक्षा में बदलाव किया है। गृह विभाग की प्रोटेक्शन रिव्यू कमेटी की अनुशंसा के आधार पर कई नेताओं की सुरक्षा पूरी तरह वापस ले ली गई है, जबकि अन्य की सुरक्षा श्रेणी घटाई गई है। गृह विभाग की ओर से बुधवार देर रात जारी आदेशों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में सबसे अधिक बदलाव नक्सल प्रभावित रहे बस्तर संभाग में किया गया है। संभाग के 47 नेताओं की सुरक्षा श्रेणी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है।

हालांकि, इन नेताओं की सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं का आकलन अब संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक करेंगे। स्थानीय परिस्थितियों और संभावित खतरों की समीक्षा के आधार पर पुलिस अधीक्षक यह निर्णय लेंगे कि संबंधित नेता को सुरक्षा उपलब्ध कराना आवश्यक है या नहीं। इसके अलावा, प्रदेश के 50 से अधिक अन्य नेताओं और वीआईपी व्यक्तियों की सुरक्षा श्रेणी में भी कटौती की गई है। प्रोटेक्शन रिव्यू कमेटी की इस कारर्वाई का असर सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों से जुड़े नेताओं पर पड़ा है।

सुरक्षा समीक्षा के दायरे में राज्य के मंत्री, पूर्व मंत्री और विधायक भी शामिल हैं। गृह विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री की पत्नी की सुरक्षा श्रेणी में भी कमी की गई है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष की सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। राज्य में नक्सलवाद से जुड़ी सुरक्षा परिस्थितियों में आए बदलाव के मद्देनजर वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था का पुनर्मूल्यांकन किया गया है। नई व्यवस्था के तहत विशेष रूप से बस्तर संभाग में सुरक्षा संबंधी निर्णयों में जिला पुलिस अधीक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News