IPL में धमाकेदार पारी खेलकर भोपाल आए शशांक सिंह, हुआ जोरदार स्वागत...
Wednesday, May 29, 2024-06:51 PM (IST)

भोपाल। (विनीत पाठक): इंडिया का त्यौहार कहे जाने वाला इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल खत्म होने के बाद अब खिलाड़ियों का अपने गृह नगर पहुंचने का सिलसिला जारी है। किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेलने वाले भोपाल के क्रिकेटर शशांक सिंह भी भोपाल पहुंचे जहां उनके समर्थकों ने शशांक सिंह का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। भोपाल पहुंचे शशांक सिंह ने कहा कि उनके पिता स्पेशल डीजी शैलेश सिंह वरिष्ठ आईपीएस हैं लेकिन उनका सपना था कि मैं एक सफल क्रिकेटर बनू। पिता के सपने को पूरा करने के लिए मैने कम उम्र में ही क्रिकेट की पिच पर पसीना बहाना शुरू कर दिया था।
सबसे पहले भोपाल में जीएस पठानिया अकादमी में खेलना प्रारंभ किया था और बाबे आली मैदान पर सेंट माइकल अकादमी में भी अभ्यास किया था। शशांक ने कहा कि सभी के आशीर्वाद से वह टीम इंडिया का हिस्सा बनना चाहते हैं। उनके परिवार के साथ पूरे भोपाल की इच्छा है कि वह जल्द ही नीली जर्सी में नजर आए। शशांक ने बताया कि उन्होंने मध्य प्रदेश में खेलना शुरू किया लेकिन रणजी ट्राफी में खेलने का मौका मुंबई से मिला। 2015 से 2018 तक शशांक ने मुंबई का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद 2018-19 में पुडुचेरी से एक साल खेला। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ का रुख किया। आइपीएल में भी वें सात सालों से खेल रहे हैं। इसकी शुरुआत 2017 में की थी। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स और सनराइज हैदराबाद होते हुए पिछले साल पंजाब किंग्स से जुड़े थे।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेली पारी ने उनकी 18 सालों की मेहनत को सफल बना दिया है। आपको बता दें कि वैसे शशांक ने क्रिकेट खेलना जबलपुर में शुरू कर दिया था। भोपाल में उन्होंने अपनी कबिलित दिखा दी थी। उस समय भोपाल पुलिस के कई खिलाड़ियों ने भी शशांक के साथ मेहनत की थी। शशांक के पिता शैलेश सिंह आईपीएस अधिकारी हैं और भोपाल में पदस्थ थे। उन्होंने बेटे की क्रिकेट की प्रतिभा को पहचाना और उसे आगे बढ़ाने के लिए क्रिकेट सीखने अकादमी भेजा।