Punjab Kesari MP ads

MP से दुखद खबर: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां नहीं रहीं, परिवार में शोक की लहर

Friday, Oct 30, 2026-11:51 AM (IST)

भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी मां के रूप में परिवार की जिम्मेदारी निभाने वाली काशीबाई का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में अंतिम सांस ली। करीब 76 वर्ष की काशीबाई पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती थीं। सांस लेने में तकलीफ के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था।

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, काशीबाई का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर 3 बजे सीहोर जिले के पैतृक गांव जैत में किया जाएगा। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।

मां के निधन से शिवराज के कार्यक्रम निरस्त

काशीबाई के निधन की खबर मिलने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। शुक्रवार को उन्हें रायसेन में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होना था, लेकिन पारिवारिक दुख के चलते अब वे इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे। इसके साथ ही उनके आगामी कार्यक्रमों को भी निरस्त कर दिया गया है।

बचपन में उठ गया था मां का साया, काशीबाई ने संभाला परिवार

शिवराज सिंह चौहान के जीवन में काशीबाई का विशेष स्थान रहा। उनकी जन्मदात्री मां सुंदरबाई का निधन उस समय हो गया था, जब वे बचपन में थे। इसके बाद पिता प्रेम सिंह चौहान ने बच्चों की देखभाल और परिवार को संभालने के लिए काशीबाई से दूसरा विवाह किया था। काशीबाई ने परिवार में मां की भूमिका निभाते हुए बच्चों का पालन-पोषण किया और घर-परिवार को एकजुट रखा। यही वजह है कि शिवराज सिंह चौहान उन्हें अपनी मां के रूप में सम्मान देते थे।

परिवार में हैं चार भाई-बहन

शिवराज सिंह चौहान के परिवार में उनके भाई नरेंद्र सिंह चौहान, बहन शशि और भाई रोहित सिंह चौहान हैं। वहीं, काशीबाई के पुत्र वरुण सिंह चौहान पेशे से वकील हैं।

काशीबाई भोपाल के साकेत नगर में रहती थीं। पिछले कुछ समय से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। सांस संबंधी परेशानी बढ़ने के बाद उन्हें भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में करीब एक सप्ताह तक उनका उपचार चला, लेकिन शुक्रवार सुबह जिंदगी की जंग हार गईं। काशीबाई के निधन से परिवार में शोक का माहौल है। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जैत में किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News