Punjab Kesari MP ads

MP में दिल दहलाने वाली घटनाः खेत के पास मिला युवक का अधजला शव, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

Thursday, Apr 09, 2026-12:32 PM (IST)

 

छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां बुधवार रात एक युवक का अधजला शव मिला है। रहागीरों को शव बरकौंहा से गठेवरा के कच्चे रास्ते पर खेतों के पास शव पड़ा दिखाई दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिती का जायजा लिया। फिलहाल, शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृत युवक दुबले शरीर का बताया जा रहा है। उसकी उम्र करीब 18 से 22 साल के बीच मानी जा रही है। शव के पास सिर्फ एक अंडरवियर मिला है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या करने के बाद आरोपी ने सबूत छुपाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सतीश सिंह और CSP अरुण सोनी मौके पर पहुंचे और जगह का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला हत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

घटनास्थल से थोड़ी दूरी तक कुछ संदिग्ध निशान भी मिले हैं। इससे शक है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को यहां लाकर जलाया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है। अभी युवक की पहचान नहीं हो पाई है, इसलिए पोस्टमार्टम भी नहीं किया गया है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवक की पहचान कर ली जाएगी और आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News