Punjab Kesari MP ads

मोहन कैबिनेट में किसकी कुर्सी जाएगी? फेरबदल की अटकलों के बीच सिंधिया समर्थक के साथ चर्चा में इन मंत्रियों के नाम

Tuesday, Nov 24, 2026-08:52 PM (IST)

भोपाल : मध्य प्रदेश की राजनीति में नए साल के साथ बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट में सियासी सर्जरी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल से चार मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि नए चेहरों को मौका देने की तैयारी है। सबसे खास बात यह है कि इस संभावित फेरबदल में ब्राह्मण और यादव चेहरों को प्राथमिकता मिलने की चर्चा है। वहीं, सिंधिया समर्थक एक मंत्री की विदाई और दूसरे चेहरे की कैबिनेट में एंट्री को लेकर भी सियासी गलियारों में अटकलें लगाई जा रही हैं।

सिंधिया खेमे से एक मंत्री हो सकता है बाहर

संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच सिंधिया खेमे से एक मंत्री को बाहर किए जाने की चर्चा है। हालांकि यह फेरबदल किसी गुटबाजी या नाराजगी के कारण नहीं, बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक समीकरणों की वजह से किया जा सकता है। सिंधिया खेमे से ही किसी दूसरे चेहरे को मौका दिया जा सकता है।

आखिर किन मंत्रियों की कुर्सी खतरे में है?

चर्चाओं में नागर सिंह चौहान और लखन सिंह पटेल के नाम सामने आ रहे हैं। नागर सिंह चौहान से पहले ही वन एवं पर्यावरण विभाग वापस लिया जा चुका है। वहीं, लखन सिंह पटेल से कुछ महीने पहले पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई थी। हालांकि, इन दोनों मंत्रियों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

यूपी विधानसभा चुनाव बड़ी वजह

दरअसल, भाजपा की नजर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर है। मध्य प्रदेश के यूपी से सटे 14 जिलों की 35 विधानसभा सीटों पर जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को मजबूत करने की रणनीति बनाई जा सकती है। यही वजह है कि ब्राह्मण और यादव नेताओं को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की चर्चा है।

13 दिसंबर को कार्यकाल के 3 साल पूरे करेंगी मोहन सरकार

वहीं, मोहन सरकार 13 दिसंबर को अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे करने जा रही है। इसके बाद 20 से 25 दिसंबर के बीच मंत्रियों और विधायकों के कामकाज की समीक्षा प्रस्तावित है। मंत्रियों को दूसरी बार और विधायकों को पहली बार अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करना है। माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट कार्ड का असर मंत्रिमंडल के संभावित बदलाव पर भी पड़ सकता है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार का भी असर

इसके साथ ही मध्य प्रदेश से किसी मंत्री को केंद्र में बुलाए जाने की संभावना है, जिसका असर मोहन कैबिनेट के समिकरणों पर पड़ेगा। ऐसे में प्रदेश में कैबिनेट में फेरबदल की संभावना बढ़ गई है।

फिलहाल मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल में 31 सदस्य हैं, जबकि अधिकतम 34 मंत्री हो सकते हैं। यानी तीन पद खाली हैं। अगर चार मौजूदा मंत्रियों की विदाई होती है, तो कुल सात नए चेहरों के लिए रास्ता खुल सकता है। लेकिन सवाल यही है कि क्या नए साल में मोहन कैबिनेट की पूरी तस्वीर बदलने वाली है? किन पुराने चेहरों की छुट्टी होगी और किन नए नेताओं को मंत्री पद का तोहफा मिलेगा? फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News