MP में दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप की टक्कर से पति-पत्नी की मौत,शव के पास घंटों रोती रही 13 साल की बेटी
Wednesday, Mar 11, 2026-12:06 PM (IST)
शहडोल (कैलाश लालवानी): जिले में दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 13 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, अनूपपुर जिले के कोतमा के देवगांव निवासी लल्लू बैगा और उनकी पत्नी सरस्वती बाइक से धनपुरी जा रहे थे। इसी दौरान बुढार थाना क्षेत्र की केशवाही चौकी के मंझौली के पास एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि लल्लू बैगा और सरस्वती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 13 वर्षीय बेटी सोहनी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मासूम बच्ची कई घंटों तक अपने माता-पिता के शव के पास बैठी रोती-बिलखती रही और मदद की गुहार लगाती रही।
घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी, तब जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस ने घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

