रेप के आरोपों के बाद अंडरग्राउंड हुआ कथावाचक उत्तम स्वामी! विदेश भागने की तैयारी की खबरें
Monday, Feb 16, 2026-01:35 PM (IST)
जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के पंच अग्नि अखाड़ा के महामंडलेश्वर ईश्वरानंद ब्रह्मचारी उर्फ उत्तम स्वामी पर राजस्थान की एक युवती ने रेप के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का दावा है कि उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया और बाद में धमकाया गया। शिकायत सामने आने के बाद स्वामी के भूमिगत होने की चर्चा तेज हो गई है।
ई-मेल शिकायत और कथा स्थगित
भेड़ाघाट के सहजपुर स्थित आश्रम में 9 से 15 फरवरी तक भागवत कथा का आयोजन चल रहा था। गुरुवार को उत्तम स्वामी ने कथा की, लेकिन उसी दौरान युवती ने दिल्ली पुलिस को ई-मेल कर शोषण और धमकी की शिकायत भेजी। इसके बाद शुक्रवार को कथा में नहीं पहुंचे। अनुयायियों ने दावा किया कि महाराज की तबीयत खराब है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार शाम उन्हें कथा स्थल पर देखा गया और रात करीब 11 बजे तक उनकी लोकेशन वहीं बताई गई।
अंडरग्राउंड होने में किसने की मदद?
शिकायत के बाद यह सवाल उठ रहा है कि स्वामी के भूमिगत होने में किसने मदद की और उन्हें रोका क्यों नहीं गया। एजेंसियों का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी थी। गिरफ्तारी की आशंका के चलते उनके गायब होने की बात कही जा रही है। सूत्रों के अनुसार वे किसी अन्य आश्रम या भक्त के यहां छिपे हो सकते हैं। विदेश जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा।
दिल्ली में संदिग्ध युवक पकड़ा गया
बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती शनिवार को परिजनों के साथ राजस्थान से दिल्ली पहुंची थी। इस दौरान एक युवक उनके पीछे-पीछे आता दिखा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने युवक को पकड़कर पूछताछ शुरू की है। जानकारी के अनुसार वह युवक पहले भी कई बार उत्तम स्वामी के साथ मध्यप्रदेश के शहरों में देखा गया था। पुलिस उसके संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
राजनीतिक कनेक्शन और वायरल तस्वीरें
मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के कुछ नेताओं के स्वामी से संपर्क में होने की चर्चा है। सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल होने के बाद सियासी हलकों में भी हलचल है। हालांकि किसी भी दल ने आधिकारिक रूप से इस मामले पर विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी है।
संभावित घटनास्थल और आश्रमों की जांच
सूत्रों के मुताबिक पीड़िता और उसके परिजन पहले भी मध्यप्रदेश स्थित आश्रमों में आ चुके हैं। ऐसे में संभावित घटनास्थलों को लेकर अन्य राज्यों की पुलिस मध्यप्रदेश पुलिस से जानकारी ले सकती है। बताया जा रहा है कि स्वामी के अधिकतर आश्रम और संपत्तियां इंदौर, जबलपुर और रतलाम जिलों में हैं। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगी। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

