ग्वालियर के छात्र ने इंदौर में खत्म की जिंदगी, MGM मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में फंसे पर लटका,रुममेट बोला-पढ़ाई में कमजोर होने का करता था जिक्र
Monday, Feb 02, 2026-08:36 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर से आत्महत्या का एक सनसनी मामला सामने आया है। इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर का छात्र अंतरिक्ष ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र के इस कदम से हास्टल और कालेज में सनसनी फैल गई ।

पढ़ाई में कमजोर होने का हमेशा करता रहता था जिक्र- रुममेट बोला
बताया जा रहा है कि छात्र पढने में कमजोर था और इसी दवाब में उसने ये कदम उठाया है। मृतक छात्र के क्लासमेट का कहना है कि वह पढ़ाई में थोड़ा कमजोर था और हमेशा इस बात का जिक्र किया करता था। दोस्त का कहना है कि आज जब वो हॉस्टल से कुछ काम के लिए गया, तो वह हॉस्टल के रूम नम्बर 43 में ही मौजूद था। जब वो शाम को लौट कर आया तो काफी देर तक उसने रूम का दरवाजा नहीं खोला, इसके बाद हॉस्टल के अन्य छात्रों को जानकारी दी।
कुछ अनहोनी का शक होने पर छात्रों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो वह फांसी के फंदे पर झूल रहा था । इसके बाद पूरे मामले की पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे ही मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम अंतरिक्ष अग्रवाल है, जो मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला था। फिलहाल इस वारदात सूचना उसके परिजनों को भी दे दी गई है। वहीं घटना की जानकारी लगने पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे ही मामले में जांच की जाएगी। लिहाजा छात्र ने किन कारणों से खुद की जिंदगी खत्म की इसकी पूरी पड़ताल की जा रही है।

